मुंबई । अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले महीने से ब्याज दर बढ़ाने की गति धीमी रखने के संकेत से डॉलर में आई गिरावट की बदौलत वैश्विक बाजार में कीमती धातुओं की चमक बढऩे के प्रभाव से आज घरेलू सर्राफा बाजार में सोना 242 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 440 रुपये प्रति किलोग्राम चढ़ गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 0.38 प्रतिशत की तेजी लेकर 1756.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इसी तरह अमेरिकी सोना वायदा 0.46 प्रतिशत मजबूत होकर 1753 डॉलर प्रति औंस हो गया। इस दौरान चांदी हाजिर 0.12 प्रतिशत महंगी होकर 21.54 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
विदेशी बाजारों की तेजी का असर देश के सबसे बड़े वायदा बाजार एमसीएक्स में भी देखा गया। इस दौरान सोना 242 रुपये चमककर 52693 रुपये प्रति दस ग्राम और सोना मिनी 253 रुपये चढ़कर 52512 रुपये प्रति दस ग्राम पर रही। इसी तरह चांदी 440 रुपये महंगी होकर होकर 62070 रुपये प्रति किलोग्राम और चांदी मिनी 464 रुपये चमककर 63624 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के जारी मिनट्स में कहा गया है कि अमेरिका में अगले महीने से ब्याज दर में बढ़ोतरी किये जाने की गति धीमी रह सकती है। इससे डॉलर के दबाव में आने से निवेशकों ने निवेश के सुरक्षित गंतव्य पीली और सफेद धातु की ओर रुख किया।
00