Home » तेलंगाना के निशांत भूक्या व ओडिशा की तन्वी पात्री ने जीता एकल खिताब

तेलंगाना के निशांत भूक्या व ओडिशा की तन्वी पात्री ने जीता एकल खिताब

by Bhupendra Sahu

लखनऊ ओडिशा की तन्वी पात्री ने योनेक्स सनराईज 34वीं सब जूनियर अंडर -13 नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2022 में बालिका एकल के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की दिव्यांशी गौतम को सीधे गेम में 21-7, 21-10 से मात देकर बालिका नेशनल चैंपियन होने का गौरव हासिल किया। बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी के बैडमिंटन हाल में खेले गए फाइनल मुकाबलों में चौथी वरीय तेलंगाना के निशांत भूक्या ने बालक एकल खिताब जीता। इसके बाद खेले गए युगल मुकाबलों मे तमिलनाडु की लक्ष्य एनडी व दीक्षा एसआर ने बालिका और मणिपुर के मार्टिन इनगुदम व रिशव नागनोम ने युगल खिताब जीता।

बालिका एकल के 22 मिनट चले फाइनल मुकाबले में आठवीं वरीय तन्वी को यूपी की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बेहतर फिटनेस का फायदा मिला। दोनों ही खिलाडिय़ों की यह पहली राष्ट्रीय चैंपियनशिप थी जिसमें तन्वी ने पहला गेम आसानी सें 21-7 से जीत लिया। तन्वी ने 14-5 की बढ़त बनाने के बाद गेम में दबदबा बनाये रखा और आसानी से लगातार छह अंक जुटाए लेकिन अगली ही सर्विस पर दिव्यांशी ने गेम प्वाइंट बचाते हुए स्कोर किया।
तन्वी ने जीत के बाद खुशी जताते हुए कहा मुझे अपनी पहली नेशनल चैंपियनशिप में ही नेशनल खिताब जीतने की खुशी है और मैने फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अब मेरा ध्यान आगामी टूर्नामेंटों पर है। तन्वी ने इससे पहले इसी साल अंडर-13 आयु वर्ग के दो नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट खेले थे जिसमें मुंबई रैकिंग नेशनल में पहला स्थान और हैदराबाद रैंकिंग टूर्नामेंट में दूसरा स्थान हासिल किया था।
बालक एकल के फाइनल में 11वीं वरीय आंध्र प्रदेश के अखिल रेड्डी बोपा और चौथी वरीय तेलंगाना के निशांत भूक्या के बीच 44 मिनट चले मैराथन मुकाबले में निशांत ने 19-21, 21-12, 22-20 से जीत दर्ज की। निशांत कड़े संघर्ष के बाद पहला गेम 19-21 से गंवा बैठे। हालांकि निशांत ने दूसरा गेम आसानी से 21-12 से जीत लिया। तीसरे व निर्णायक गेम में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें निशांत ने 22-20 से जीत दर्ज करते हुए बालक एकल में चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया।
बालिका युगल के फाइनल में शीर्ष वरीय तमिलनाडु की लक्ष्य एनडी व दीक्षा एसआर चैंपियन बने। इस जोड़ी ने सातवीं वरीय तेलंगाना की आराध्या रेड्डी हनुमैया गारी व अवनी रेड्डी हनुमैया गारी को 20 मिनट चले मुकाबले में 21-6, 21-8 से हराया। बालक युगल के फाइनल में मणिपुर के मार्टिन इनगुदम व रिशव नागनोम ने दूसरी वरीय तमिलनाडु के मोहित दर्शन महेश कुमार व योगेश्वरन एस को 37 मिनट चले मुकाबले में 22-20, 23-21 से हराकर खिताब जीता।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More