नगरोटा बगवां । अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में कहा कि रोजगार, पैंशन, महंगाई को लेकर भाजपा कुछ नहीं करेगी। भाजपा नेता अपने और अपने स्वार्थ के लिए चुनाव मैदान में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में पुलिस व शिक्षक भर्तियों व पीपीई किट घोटाले हुए और प्रदेश में अब ड्रग्स भी फैला हुआ है। प्रियंका ने कहा कि उद्योगपतियों के लिए सब कुछ हो सकता है, आपके लिए कुछ नहीं। क्या आप ऐसा चाहते हैं? इसलिए सोच समझकर वोट डालें। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पहले 4 हजार सैनिक सेना में जाते थे लेकिन अब अग्निपथ योजना से सिर्फ 400 से 500 युवा सेना में जा पाएंगे। उनमें से भी 75 फीसदी 4 साल बाद घर भेज दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निपथ योजना को रद्द किया जाएगा। कांग्रेस जनता के लिए गारंटी लेकर आई है। हमारी सरकारों ने करके दिखाया है। सरकार आते ही पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पैंशन स्कीम बहाल करने के साथ हिमाचल को 1 लाख रोजगार देंगे। खाली पड़े 63 हजार भरेंगे। 5 साल में 5 लाख रोजगार देंगे। हर घर लक्ष्मी योजना में महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देंगे। ड्रग्स से हम लड़ेंगे।
एक शहीद की बेटी होने के नाते समझती हूं कांगड़ा की वीरता
कांग्रेस नेता ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में इस बार कांग्रेस की सरकार बन कर रहेगी। उन्होंने कांगड़ा के वीरों का विशेष जिक्र किया। उन्होंने वीरों और शहीदों का जिक्र करते हुए कहा कि वह स्वयं भी शहीद की बेटी हैं। जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के साथ हिमाचल प्रदेश के साथ संबंधों का जिक्र करते हुए भावनात्मक स्वर छेड़ा। हिमाचल प्रदेश को प्रदेश का दर्जा देने के लिए उन्होंने इंदिरा गांधी के प्रयास याद दिलाए। इससे पहले शक्तिपीठ ज्वालामुखी में प्रियंका गांधी ने माथा टेका। मां ज्वाला की दिव्य ज्योतियों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर अधिकारी ने उन्हें मां की चुनरी भेंट की। इसके बाद वे नगरोटा बगवां के लिए रवाना हुईं।
तवे पर रोटी की तरह सरकार भी बदलिए : भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब सरकार बदलना ही जनता के हित में है। उन्होंने कहा कि जो लोग वन रैंक वन पैंशन की बात करते थे अब अग्निवीर की बात करते हैं। यानी 4 साल नौकरी करो और फिर किसी कार्यालय में चपड़ासी रहो। उन्होंने पुरानी पैंशन स्कीम का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में इसे लागू कर दिया गया है, आप हिमाचल प्रदेश में भी सरकार बनाइए, यहां भी करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं यदि तवे पर रोटी नहीं पलटतीं तो वह जल जाती है। इस बार भाजपा सरकार भी बदल दीजिए।
सरकार का अब विदाई का समय आ गया : मुकेश अग्निहोत्री
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार का अब विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 10 दिन बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने कांगड़ा के साथ भेदभाव किया है। भाजपा की सरकार ने नौकरियां बेची हैं। आज महंगाई चरम सीमा तक पहुंच गई है। मुकेश ने कहा कि सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में कर्मचारियों को पैंशन का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी भर्तियां भाजपा के समय हुई हैं, उनकी जांच करवाई जाएगी।
00