Home » नीदरलैंड ने सुपर 12 में पहली जीत दर्ज की, जिंबाब्वे को पांच विकेट से हराया

नीदरलैंड ने सुपर 12 में पहली जीत दर्ज की, जिंबाब्वे को पांच विकेट से हराया

by Bhupendra Sahu

एडीलेड। तेज गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ डाउड के अर्धशतक से नीदरलैंड ने बुधवार को यहां जिंबाब्वे को पांच विकेट से हराकर टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण में पहली जीत दर्ज की।ओ डाउड ने 47 गेंद में 52 रन की पारी खेली जिससे नीदरलैंड ने 118 रन के लक्ष्य को दो ओवर शेष रहते पांच विकेट पर 120 रन बनाकर हासिल कर लिया। नीदरलैंड को इस जीत से दो अंक मिले लेकिन वह पहले ही नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुकी है।बुधवार की हार के बाद टूर्नामेंट में जिंबाब्वे की उम्मीद भी लगभग खत्म हो गई है।इससे पहले सिकंदर रजा की उम्दा पारी के बावजूद जिंबाब्वे की टीम लचर बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई।स्टार ऑलराउंडर रजा ने 24 गेंद में 40 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान तीन चौके और इतने ही छक्के मारे।

उनके अलावा सिर्फ सीन विलियम्स (28) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज पॉल वान मीकेरन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए। बास डि लीडे (14 रन पर दो विकेट), लोगान वान बीक (17 रन पर दो विकेट) और ब्रैंडन ग्लोवर (29 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट हासिल किए।नीदरलैंड ने हालांकि लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए सुपर 12 चरण में पहली जीत दर्ज की। टीम अपने अंतिम मैच में रविवार को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी।जिंबाब्वे की टीम सुपर 12 चरण में पाकिस्तान को हराकर उलटफेर कर चुकी है और रविवार को अपने अंतिम मैच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत से भिड़ेगी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड ने चौथे ओवर में ही स्टीफन माइबर्ग (08) को विकेट गंवा दिया जिन्हें ब्लेसिंग मुजरबानी (23 रन पर दो विकेट) ने पवेलियन भेजा।ओ डाउड और टॉम कपूर (32) ने इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़कर टीम को मजबूत मंच प्रदान किया। दोनों ने 10 ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 67 रन तक पहुंचाया।ओ डाउड ने ल्यूक जोंगवे पर लगातार दो चौकों के साथ विश्व कप का अपना चौथा और कुल 11वां अर्धशतक पूरा किया।
नीदरलैंड को हालांकि जब 30 रन पर नौ रन की दरकार थी तब उसने नौ गेंद के अंदर ओ डाउड और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के विकेट गंवा दिए।अंत में डि लीडे (12 गेंद में 12 रन) ने दो चौके जड़कर टीम को जीत दिलाई।इससे पहले करो या मरो के इस मुकाबले में जिंबाब्वे की टीम ने 66 गेंद खाली खेली जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए कितना जूझना पड़ रहा था।
रजा अच्छी लय में दिखे और उन्होंने कई आकर्षक शॉट भी जड़े लेकिन जब लग रहा था कि वह टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक ले जाएंगे तब डि लीडे की गेंद को हवा में लहराकर फ्रेड क्लासेन को कैच दे बैठे।टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे जिंबाब्वे की टीम पावर प्ले में सिर्फ 20 ही रन बना सकी। उसने इस दौरान कप्तान क्रेग इर्विन (03), रेगिस चकाब्वा (05) और वेस्ले माधेवेरे (01) के विकेट गंवाए।
रजा ने इसके बाद पलटवार करते हुए रन गति में इजाफा किया। उन्होंने सीन विलियम्स के साथ 35 गेंद में 48 रन की साझेदारी की। वान मीकेरन के विलियम्स को आउट करके इस जोड़ी को तोडऩे के बाद जिंबाब्वे ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 20वें ओवर में सिमट गई।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More