महासमुंद। प्रदेश में मानसून की विदाई की शुरुआत हो चुकी है। मंगलवार से मानसून की विदाई शुरु हुई है जिसमें राजस्थान और उससे लगे क्षेत्र से हो रही है। मानसून के विदाई की रेखा खाजूवाला, बिकानेर, जोधपुर और नलिया है। इधर, इस बार प्रदेश में आया मानसून जमकर बरसा है और बारिश का सिलसिला अभी भी बारिश जारी है। हालांकि वर्तमान में हो रही बारिश की वजह निम्नदाब और द्रोणिका है जिससे जिले सहित अन्य स्थानों पर बारिश हो रही है। रायपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक एक निम्र दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर तटीय ओडि़शा पश्चिम बंगाल के उपर स्थित है। इसके साथ ही एक द्रोणिका से निम्न दाब के क्षेत्र से दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसका असर मंगलवार रात और बुधवार सुबह जिले के कई स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश सहित जिले में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।
किसानों के लिए राहत
वर्तमान में हो रही बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है। खासकर फसल के लिए पानी को लेकर चिंतित किसानों को बड़ी राहत मिली है। किसानों को इस बार अच्छी उपज की संभावना दिखाई दे रही है।
महानदी फिर हुआ जलमग्न
लगातार बारिश और गंगरेल के बाद निसदा डेम से पानी छोड़े जाने के बाद एक बार फिर से महानदी जलमग्न हो गया है। बुधवार को महानदी लबालब नजर आई जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहे।
०००००