कुआलालंपुर । भारत की थॉमस कप विजेता टीम के शटलर एच एस प्रणय ने बेहद करीबी मुकाबले में जापान के कांता सुनेयामा को हराकर मलेशिया मास्टर्स 2022 के सेमीफाइनल में जगह बनायी। प्रणय ने सुपर 500 टूर्नामेंट के चर्टरफाइनल मैच में सुनेयामा को 25-23, 22-20 से मात दी जबकि शीर्ष महिला शटलर पीवी सिंधु को चीनी ताइपे की ताई ज़ू यिंग ने चर्टरफाइनल मुकाबले में 55 मिनट में 21-13 12-21 21-12 से हराया।
प्रणय-कांता के मैच के दौरान यह बताना मुश्किल था कि जीत किसकी होगी। पहले गेम में कांता के 7-6 की बढ़त हासिल करने के बाद प्रणय ने शानदार प्लेसमेंट के साथ 10-8 की लीड बना ली। प्रणय की बढ़त 18-15 पर पहुंचने के बाद कांता ने एक बार फिर दो लगातार पॉइंट के साथ गेम को 18-17 पर ला दिया। 19-19 की बराबरी के बाद दोनों खिलाडिय़ों ने सेट पॉइंट की तलाश की, जो अंतत: प्रणय ने हासिल कर पहला गेम 25-23 से जीता।
मैच में 1-0 की बढ़त बनाने के बाद प्रणय ने दूसरे गेम की शुरुआत पॉइंट से की, हालांकि कांता ने इस बार भी प्रणय को टक्कर देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इंटरवल तक कांता 11-9 से आगे चल रहे थे। उन्होंने गेम के दूसरे हिस्से में 20-18 की बढ़त बना ली थी, मगर प्रणय ने यहां कांता की निर्णायक गेम करवाने की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए लगातार चार पॉइंट स्कोर किये और दूसरा गेम 22-20 से जीत लिया। सेमीफाइनल में प्रणय का मुकाबला हांग कांग के एंगस एनजी का लॉन्ग से होगा।
इससे पहले, भारत की शीर्ष शटलर पीवी सिंधु शुक्रवार को चीनी तापेई की ताई ज़ू यिंग से चर्टरफाइनल मुकाबला हारकर मलेशिया मास्टर्स से बाहर हो गईं। टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता यिंग ने सिंधु को एक्सियाटा एरिना में 55 मिनट चले मुकाबले में 21-13, 12-21, 21-12 से मात दी। यह सिंधु की यिंग के खिलाफ लगातार सातवीं हार है। दोनों अब तक 22 बार आमने-सामने आये हैं जिसमें सिंधु को 17 बार हार का सामना करना पड़ा है।
पहले गेम में सिंधु को ताई ज़ू का डिफेंस तोडऩे में परेशानी का सामना करना पड़ा और हाफ टाइम तक वह 9-11 से पीछे चल रही थीं। बैकहैंड शॉट का उचित प्रयोग करते हुए चीनी ताइपे की खिलाड़ी ने पहला गेम 21-13 से जीतकर मैच में 1-0 की लीड हासिल की। सिंधु ने दूसरे गेम में बेहतरीन फुटवर्क दिखाते हुए 11-4 की बढ़त हासिल कर ली। यिंग ने मैच में वापसी करने का प्रयास किया लेकिन शुरुआती बढ़त की बदौलत सिंधु ने दूसरा गेम 21-12 से जीत लिया।
निर्णायक गेम में दोनों खिलाडिय़ों के बीच कांटे की टक्कर हुई। सिंधु ने शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद अपनी लय खो दी और एक साथ कई पॉइंट गंवा दिये।यिंग ने इसका फायदा उठाते हुए तेजी के साथ तीसरा गेम 21-12 से जीतकर सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनायी। इससे पहले सिंधु टोक्यो ओलंपिक सेमीफाइनल में भी यिंग से हार चुकी हैं। हाल ही में मलेशिया ओपन के चर्टरफाइनल में भी उन्हें यिंग के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
00