Home » भिलाई के रामभक्तों का विशाल जनसमूह पूरे देश को दे रहा एकता का संदेश – देवधर

भिलाई के रामभक्तों का विशाल जनसमूह पूरे देश को दे रहा एकता का संदेश – देवधर

by Bhupendra Sahu

भिलाई नगर। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा श्रीरामनवमी के अवसर पर रविवार को भव्य शोभायात्रा और जनसभा का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान पावर हाउस में आयोजित इस विशाल जनसभा में 25 हजार से अधिक रामभक्तों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर उपस्थित थे। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सेवकराम साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरूआत प्रभुश्रीराम के तैलचित्र पर दीप प्रज्जवलन कर की गई। तत्पश्चात हनुमान चालीसा का पाठ कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रखण्डों से आने वाली झांकियां और शोभायात्रा सभा स्थल पर पहुंच रहीं थीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के संरक्षक प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों और प्रखण्डों के सदस्यों को साधुवाद दिया। उन्होंने सभी मंदिरों से आए हुए ध्वजवाहकों को नमन करते हुए कहा कि इन ध्वजवाहकों की वजह से श्रीराम जन्मोत्सव समिति की यह परंपरा विगत 36 वर्षों से कायम है। उन्होंने कहा कि जब यह कार्यक्रम वर्ष 1986 में शुरू हुआ था तब खुर्सीपार के एक मंदिर से यह शोभायात्रा एक मेटाडोर में निकलती थी जो केम्प, छावनी होते हुए सुपेला पहुंचती थी जहां हनुमान मंदिर में इसका समापन होता था। उस दौर मे लोग भगवान राम का नाम लेते हुए भी कठिनाई महसूस करते थे लेकिन अब हमारे यह गौरव का विषय है कि जिस उद्देश्य से हमने इस समिति की नींव रखी थी वह राममंदिर अयोध्या में बन रहा है। श्री पाण्डेय ने कहा कि जो लोग रामभक्तों को प्रताड़ित करते थे, सांप्रदायिक कहने का दुस्साहस करते थे वे आज स्वयं भगवा झंडा लिये घूम रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील देवधर ने इस भव्य और विशाल आयोजन के लिए समिति के सभी सदस्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जहां तीन दशक पहले लोग टीका लगाने और रक्षासूत्र बांधने से डरते थे वहां आज इतना बड़ा और भव्य आयोजन करना अपने आप में प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि आज रामभक्तों का यह विशाल जनसमूह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में एकता का एक सार्थक संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ धर्म विरोधी तलवार के बल मत परिवर्तित करसकते हैं लेकिन जन जन में बसे राम को खत्म नहीं कर सकते। उन्होंने बॉलीवुड की फिल्मों पर हमला बोलते हुए कहा कि फिल्म शोले में जहां यह बताया जाता है कि गांव में बिजली नहीं होती लेकिन फिर भी मंदिर से अजान सुनाया जाता है। यह दोपहरा मापदण्ड है, हम पर इन चीजों को जानबूझकर थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म के लोगों पर किस तरह से अत्याचार हो रहे हैं इसका उदाहरण फिल्म कश्मीर फाइल्स में देखने को मिला। आप सभी इस सच्चाई को देखें। तत्पश्चात समिति द्वारा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील देवधर एवं अध्यक्षता कर रहे प्रेमप्रकाश पाण्डेय का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण बद्धन ठाकुर ने दिया। वहीं आभार भाषण समिति के युवा विंग अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने दिया।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More