मुंबई । आईपीएल 2022 का 19वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच रविवार यानि 10 अप्रैल खेला जाएगा। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन में जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी, जो तीन मैचों में अब तक केवल एक ही जीत पाई है। वहीं, कोलकाता चार मैचों में तीन जीत के साथ छह अंक लेकर इस समय प्वाइंट् टेबल में टॉप पर है। प्वाइंट्स टेबल पर एक नजर डालें तो दिल्ली 2 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
दिल्ली की टीम में ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की वापसी हो गई है। उन्होंने पिछला मैच भी खेला था लेकिन वह ज्यादा कुछ नहीं कर पाए थे। शानदार फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ के साथ वॉर्नर से भी टीम को एक जबरदस्त शुरुआत की दरकार है। कप्तान ऋषभ पंत ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी और उन्होंने 29 गेंदों में 43 रन बनाए थे। एक बर फिर टीम को उनसे कप्तानी पारी की उम्मीद होगी। लॉर्ड ठाकुर के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर अभी तक इस सीजन में अपनी छाप छोडऩे में असफल रहे हैं। हालांकि, टीम उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करती है।
केकेआर की ओर से पिछले मैच में पैट कमिंस ने तूफानी पारी खेलकर टीम को अविश्वसनीय जीत दिलाई थी और गेंदबाजी में भी उन्होंने दो अहम विकेट अपने नाम किए थे। टीम के सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने भी अपनी लय हासिल कर ली है। ऐसे में दिल्ली के गेंदबाजों को इन बल्लेबाजों से काफी सतर्क रहना होगा। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे दिल्ली की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। ऐसे में दिल्ली के गेंदबाजों को जल्द से जल्द इन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाना होगा। आंद्रे रसेल और सुनील नारायण की कैरेबियाई जोड़ी अपनी हरफनमौला खेल से टीम को संतुलित करती है।
केकेआर संभावित प्लेइंग 11 : अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स, नितीश राणा, आंद्रे रसेल, पैट कमिंस, सुनील नारायण, रसिक सलाम, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।
दिल्ली कैपिटल्स संभावित प्लेइंग 11 : पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, रोवमेन पॉवेल, ऋषभ पंत (कप्तान), सरफराज खान, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया, मुस्तफिजुर रहमान।
00