Home » लोगों को सक्षम बनाने सामाजिक क्षेत्र में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की आवश्यकता:गडकरी

लोगों को सक्षम बनाने सामाजिक क्षेत्र में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की आवश्यकता:गडकरी

by Bhupendra Sahu

मुंबई। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने समाज के वंचित वर्गों के बीच सामाजिक आर्थिक परिवर्तन लाने में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और सामाजिक उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया है। उन्होंने प्रौद्योगिकी का उत्पादक तरीके से उपयोग करते हुए सामाजिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता के साथ सामाजिक उद्यमिता की आवश्यकता को संदर्भित किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने पांवों पर खड़ा करने में सक्षम बनाने के लिए सामाजिक क्षेत्र में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात आज 20 मार्च, 2022 को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण केंद्र में आयोजित सीएसआर जर्नल एक्सीलेंस अवार्ड्स के चौथे संस्करण को संबोधित करते हुए कही।

उत्कृष्टता पुरस्कार 2021 मानवीय पहलों में व्यक्तियों तथा समूहों के जिम्मेदार नेतृत्व को सम्मानित करते हुए विभिन्न श्रेणियों में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नवोन्मेषी तथा सर्वोत्तम प्रथाओं को पुरस्कृत करता है। इन पुरस्कारों में सात पुरस्कार श्रेणियों अर्थात कृषि और ग्रामीण विकास, कोविड-19 राहत, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण, पर्यावरण, स्वास्थ्य और स्वच्छता, खेल और महिला अधिकारिता तथा बाल कल्याण में सीएसआर में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस कार्यक्रम के मुख्य गणमान्य व्यक्ति थे। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारी एक और महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे अनिवार्य रूप से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जोड़ा जाना चाहिए। राज्यपाल ने सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर में शौचालय बनाने में सहायता करने में कॉर्पोरेट क्षेत्र की भूमिका की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जहां कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व समाज के वंचित वर्गों में एक महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाने में सहायता कर रहा है, वहीं हमें उस तरह का काम करना चाहिए जिससे एक बार हमारी सहायता प्राप्त करने वाले लोगों को भविष्य में अपने समस्त जीवन के लिए इस तरह की और मदद लेने की आवश्यकता न हो। गडकरी ने जनसमूह को स्मरण दिलाया कि देश में 115 आकांक्षी जिले हैं, जो सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन जिलों में लोगों की बेहतरी में योगदान देने वाले लोगों और संगठनों को सीएसआर सेक्टर द्वारा विशेष प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

 

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More