उन्नाव । पीएम नरेन्द्र मोदी ने उन्नाव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का संचालन अपराधियों के हाथ में था और परिवारवादियों की सरकार माफिया चलाते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहाकि इन घोर परिवारवादियों की सरकार में संगीन अपराधों के आरोपी और माफिया मंत्रिमंडल का हिस्सा थे। तब माफिया ही सरकार चलाते थे। प्रशासन को भी सीधा आदेश देते थे, न खाता न बही, जो माफिया और गुंडे कहेंगे, वही सही। पीएम मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, 10 मार्च के बाद ये लोग कहेंगे, भाजपा की वैक्सीन लगी थी इसलिए उंगली कमल के फूल पर चली गई। 10 मार्च के बाद विपक्ष को फिर से एक नया आरोप लगाने का बहाना मिल जाएगा। उन्होंने अखिलेश या मुलायम सिंह का नाम लिए बिना कहा, जिस सीट को ये लोग सबसे सुरक्षित मानकर बैठे थे, वो भी हाथ से निकल रही है।
आपने देखा होगा, जिस पिता को मंच से धक्के देकर हटाया था, जिसे अपमानित करके पार्टी पर कब्जा जमाया था, उसी से गुहार लगानी पड़ी की मेरी सीट बचाइए। ये सोचते हैं कि जो ये कहेंगे जनता वही करेगी लेकिन आज तीसरे चरण में उत्साह के साथ मतदान कर रही उत्तर प्रदेश की जनता कह रही है आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में दंगा-कर्फ्यू, फिरौती से व्यापारियों और कारोबारियों का जीवन 24 घंटे संकट में रहता था। भाजपा सरकार इस अंधेरगर्दी से यूपी को बाहर निकालकर लाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस यूपी की छवि इन लोगों ने ऐसी बना दी थी कि यहां कुछ बदल नहीं सकता है। उस यूपी में योगी जी की सरकार ने कानून व्यवस्था को सुधारकर दिखाया है। मोदी ने अखिलेश पर पुलिसकर्मियों के प्रति अपमाजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, एक पार्टी का अध्यक्ष यूपी की पुलिस को, हमारे इन सिपाहियों को किस भाषा में अपमानित कर रहा है, उसका वीडियो आज घर घर देखा जा रहा है। मंच से दी गई वो गालियां, वो धमकी सिर्फ यूपी की पुलिस के लिए नहीं थी।
वो अपने उन दंगाई, दबंग और माफिया दोस्तों की हिम्मत बढ़ाने का प्रयास था। उन्होंने कहा कि कोरोना के टीके को भाजपा का टीका तक बता दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा, महामारी के इस समय में हमने कदम कदम पर गरीब परिवारों का साथ दिया है। उज्ज्वला योजना की लाभार्थी बहनों को कईं महीनों तक मुफ्त गैस सिलेंडर दिया। हजारों करोड़ रुपये महिलाओं के जन धन खातों में जमा किए। छोटे किसानों और मजदूरों के बैंक खातों में भी सीधे हजारों करोड़ रुपये जमा किए। उन्होंने विपक्षी दलों पर जनता की मौलिक जरूरतों को नजरंदाज करने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा, घोर परिवारवादियों को न तो प्रदूषण से कराहती गंगा मां की चिंता थी और न ही गरीब, पिछड़े परिवारों की माताओं बेटियों और बहनों की कोई चिंता थी। ये डबल इंजन की सरकार है जो आज हर घर जल पहुंचाने में जुटी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज़ादी के इतने दशकों तक इन छोटे किसानों की चिंता किसी ने नहीं की। डबल इंजन सरकार ने पहली बार छोटे किसानों को नीति-नर्मिाण के केंद्र में रखा है। पीएम किसान सम्मान योजना और 60 वर्ष के बाद पेंशन की योजना इसका बड़ा प्रमाण है।
00