जांजगीर । जांजगीर में नाबालिग लड़की से रेप करने वाले युवक को 20 साल की सजा कोर्ट ने सुनाई है। युवक 15 साल की लड़की का अपहरण कर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसने लड़की के साथ रेप किया था। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले के एक साल बाद आरोपी को अब कोर्ट ने सजा सुनाई है।
दरअसल, 19 अक्टूबर 2020 को लड़की रात 10 बजे से गायब हुई थी। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला था। परिजनों ने उनके रिश्तेदारों से और कई लोगों से संपर्क किया था। मगर लड़की का कुछ पता नहीं चल सका। फिर 23 अक्टूबर 2020 को परिजनों ने मामले की शिकायत शिवरीनारायण थाने में की थी।
परिजनों ने अपनी शिकायत में शुभम चौहान(19) नाम के युवक पर संदेह जताया था। जांच में पता चला कि 19 अक्टूबर से शुभम भी गायब है। जिसके बाद पुलिस ने जांच और तेज की और 07 दिसंबर 2020 को लड़की को युवक के कब्जे से छुड़ाया गया।
पता चला कि शुभम लड़की को लेकर कोरबा चले गया था। यहीं उसने लड़की के साथ रेप किया था। पुलिस ने उसी दौरान शुभम को गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद से यह मामला कोर्ट में चल रहा था।अब एक साल बाद विशेष सत्र न्यायाधीश ने युवक को 20 साल की सजा सुनाई है। साथ ही उसके खिलाफ 5 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है