Home » उत्तर प्रदेश में अब भ्रष्टाचारियों का खेल खत्म, अब खेल रहे है सच्चे खिलाड़ी : मोदी

उत्तर प्रदेश में अब भ्रष्टाचारियों का खेल खत्म, अब खेल रहे है सच्चे खिलाड़ी : मोदी

by Bhupendra Sahu

मेरठ । उत्तरप्रदेश के मेरठ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। करीब सात सौ करोड़ की लागत से तैयार होने वाले इस विश्वविद्यालय को योगी आदित्यनाथ सरकार ने करीब ढाई वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य रखा है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर खेल प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ कुछ उपकरणों पर अपना हाथ भी आजमाया। उन्होंने खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास के बाद अपने 43 मिनट के संबोधन में खेल विवि और मेरठ की क्रांतिकारी धरती के बारे में खुलकर बोले। नई दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण वह सड़क मार्ग से मेरठ पहुंचे। मेरठ आगमन पर भगवान औघडऩाथ का दर्शन-पूजन करने के साथ ही उन्होंने कालीघाट में शहीद स्मारक का भी अवलोकन किया। सरधना तहसील क्षेत्र के गांव सलावा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास कि। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि प्रदेश में पूर्व की सरकारों में अपराधी अपना खेल खेलते थे, माफिया अपना खेल खेलते थे। तब भ्रष्टाचार का टूर्नामेंट होता था। प्रदेश में अब योगी आदित्यनाथ सरकार में असली खिलाडिय़ों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने वहां पर लोगों को उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ तथा पहले की सरकार के कामकाज के फर्क को खेल से जोड़ते हुए समझाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2017 से पहले की सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में अपराधी और माफिया अपना-अपना खेल खेलते थे। पहले तो यहां अवैध कब्जे के टूर्नामेंट होते थे, बेटियों पर फब्तियां कसने वाले खुलेआम घुमते थे, मेरठ के आसपास के लोग भूल नहीं सकते कि माफिया लोग तो उनके घर जला दिया करते थे। पहले की सरकार अपने खेल में लगी रहती थी। उस खेल का नतीजा था कि लोग पलायन को मजबूर हो गए। अब योगी आदित्यनाथ की सरकार उनके साथ जेल-जेल खेल रही है। पांच साल पहले इसी मेरठ की बेटियां शाम होने के बाद अपने घर से निकलने से डरती थीं, आज मेरठ की बेटियां पूरे देश का नाम रोशन कर रही है। मेरठ के सोतीगंज बाजार में गाडिय़ों के साथ होने वाले खेल का भी एंड हो रहा है। अब यूपी में असली खेल को बढावा मिल रहा है, अब तो यूपी के युवओं को खेल की दुनिया में छा जाने का मौका मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरठ की उर्जावान तथा क्रांतिकारी भूमि का लोगों ने दुरुपयोग किया। युवाओं को लक्ष्य से भटकाया। अब ऐसा नहीं हो पा रहा है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच साल पहले जो अपराधी यहां अपराध का खेल खेलते थे, आज योगी आदित्यनाथ सरकार उन माफिया के साथ जेल-जेल खेल रही है। पहले तो यहां पर अवैध कब्जे के टूर्नामेंट होते थे, लोग अपना घर छोड़कर पलायन करते थे, अब ऐसा नहीं हो रहा है। लोग घर वापस लौट रहे हैं।

मेरठ को बताया गौरवशाली धरती
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ संबोधन शुरू करने के साथ ही सभी लोगों को वर्ष 2022 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्ष की शुरुआत में ही मेरठ आना सौभाग्य की बात है। मेरठ का इतिहास काफी गौरवशाली है। मेरठ ने देश की आस्था को ऊर्जावान किया है। सिंधु घाटी की सभ्यता से लेकर पहले स्वतंत्रता संग्राम तक इस धरती ने दिखाया है देश का गौरव क्या होता है। मेरा सौभाग्य है कि मैं भगवान औघडऩाथ मंदिर व शहीद स्मारक गया। पीएम मोदी ने कहा कि 1857 की क्रांति में मेरठ ने नई दिशा दी। आज हम गर्व से आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। राष्ट्र रक्षा के लिए, सीमा पर बलिदान हो या फिर खेल के मैदान में राष्ट्र के लिए सम्मान। इस क्षेत्र ने सदा अपनी लौ को प्रज्ज्वलित रखा है। भारत के इतिहास में मेरठ का स्थान केवल एक शहर का नहीं। यह हमारी संस्कृति का अहम केंद्र है। नूरपुर मढिया ने चौधरी चरण सिंह जैसा विजिनरी नेता दिया। देश की शान मेजर ध्यानचंद की कर्मस्थली मेरठ भी रहा है। हमने खेल के सर्वोच्च पुरस्कार का नाम दददा के नाम कर दिया गया। उनके नाम में एक संदेश है, ध्यान। बिना ध्यान केन्द्रित करे किसी को कभी भी सफलता नहीं मिलती है। जिसका नाम मेजर ध्यानचंद से जुड़ा हो वहां के खिलाड़ी अब तो देश का नाम रोशन करेंगे। देश के पहले खेल विवि की बधाई। सात सौ करोड से बनने वाला यह विवि दुनिया का शानदार विवि बनेगा। यहां से हर साल एक हजार से अधिक खिलाड़ी निकलेंगे।

युवाओं पर फोकस पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि साथियों हमारे यहां कहा जाता है, जिस पथ पर महान जन महान विभूतियां चलें वही हमारा पथ है लेकिन अब हिंदुस्तान बदल चुका है हम इक्कीसवी सदी में है। इस समय सबसे बड़ा दायित्व युवाओं के पास है। मत बदल गया। जिस मार्ग पर युवा चल रहे वहीं मार्ग देश का मार्ग है। जिधर युवाओं के कदम बढ जाएं मंजिल कदम चूमने लगती है। युवाओं पर फोकस करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा नए भारत का कर्णधार है, युवा नए भारत का नेतृत्वकर्ता है। मेरठ में होने वाले दंगल और उसमें घी के पीपे और लड्डू का पुरस्कार मिलता है। ऐसे में किसका मन मैदान में उतरने का न हो। पहले की सरकार की नीतियों का खेल के प्रति नजरिया अलग रहा। शहरों में जब कोई युवा अपनी पहचान बताता था तो सामने वाले पूछते थे कि अरे बेटे खेलते हो ये तो ठीक है, पर काम क्या करते हो। खेल की इज्जत नहीं मानी जाती थी। खेल के प्रति सोच सीमित हो गई थी। यह तो सरकारों का दायित्व था कि खेल के प्रति सोच बदलें, लेकिन हुआ उल्टा हुआ।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More