मुंबई । कोरोना के नये वेरिएंट ओमीक्रॉन के बढ़ते मामलों के कारण वैश्विक स्तर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर चौतरफा बिकवाली से आज शेयर बाजार धड़ाम हो गया। सेंसेक्स 1189.73 अंक टूटकर 56 हजार अंक से नीचे 55822.01 अंक पर और निफ्टी 371 अंक उतरकर 16614.20 अंक पर आ गया जिससे निवेशकों के 6.80 लाख करोड़ डूब गये। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1189.73 अंक उतरकर 55822.01 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 384.80 अंक फिसलकर 16600.40 अंक पर रहा।
दिग्गज कंपनियों की तुलना में छोटी और मझौली कंपनियों में अधिक बिकवाली देखी गयी जिसके कारण बीएसई का मिडकैप 3.42 प्रतिशत टूटकर 23702.91 अंक पर और स्मॉलकैप 3.31 प्रतिशत फिसलकर 27514.42 अंक पर रहा। बीएसई का बाजार पूंजीकरण गत कारोबार बंद होने पर 25937277.66 अंक पर रहा था जो आज की बिकवाली के बाद 679696.61 करोड़ रुपये घटकर 25257581.05 करोड़ रुपये पर आ गया। इस तरह से निवेशकों के करीब 6.80 लाख करोड़ रुपये डूट गये।
बीएसई में शामिल सभी समूह गिरावट में रहे जिसमें रिलयटी सबसे अधिक 4.74 प्रतिशत उतर गया। बीएसई में कुल 3567 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 2699 गिरावट में और 746 बढ़त में रहा जबकि 122 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वैश्विक स्तर पर चौतरफा बिकवाली रही। ब्रिटेन का एफटीएसई 1.34 प्रतिशत, जर्मनी का डेक्स 2.07 प्रतिशत, जापान का निक्केई 2.13 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.93 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.07 प्रतिशत उतर गया।