बेंगलुरु । दो बार के ओलंपिक रजत पदक विजेता कोरिया के योंग सुंग यू को शनिवार को इंफोसिस फाउंडेशन द्वारा समर्थित प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी (पीपीबीए) में विदेशी प्रमुख कोच के रूप में चुना गया। ओलंपिक गोल्ड च्ेस्ट (ओजीक्यू) के सहयोग से पीपीबीए द्वारा शुरू की गई एक संयुक्त पहल के तहत व्यापक खोज के बाद योंग के चयन को अंतिम रूप दिया गया, जिसका लक्ष्य होनहार खिलाडिय़ों को 2024 पेरिस ओलंपिक और उससे आगे पोडियम (शीर्ष तीन) तक पहुंचने में सफल होने के लिए तैयार करना है।
उल्लेखनीय है कि 47 वर्षीय योंग ने सिडनी 2000 और एथेंस 2004 ओलंपिक खेलों में पुरुष युगल में ओलंपिक रजत पदक जीते। उन्होंने अपने करियर में एशियाई खेलों के साथ-साथ सुदीरमन कप मिक्स्ड टीम इवेंट और थॉमस कप मेन्स टीम इवेंट में भी कई बार कोरिया का प्रतिनिधित्व किया। योंग ने इससे पहले कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर में राष्ट्रीय टीमों को कोचिंग दी है। वह चीनी राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम को प्रशिक्षित करने वाले पहले विदेशी कोचों में से एक थे और टोक्यो ओलंपिक में कोचिंग टीम का हिस्सा थे।
पीपीबीए के सह-संस्थापक प्रकाश पादुकोण ने नए कोच के बारे में कहा कि योंग की नियुक्ति भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के साथ मिलकर काम करके देश के लिए पदक जीतने और अधिक युवाओं को तैयार करने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन प्रदान कर सकती है।
ओलंपिक गोल्ड च्ेस्ट के एमडी और सीईओ वीरेन रसकिन्हा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि योंग की नियुक्ति से पीपीबीए के सभी खिलाडिय़ों, विशेष रूप से लक्ष्य सेन को काफी बढ़ावा मिलेगा, जो पेरिस 2024 में पदक जीतने का लक्ष्य साध रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ओलंपिक गोल्ड च्ेस्ट खेल और खेलों के प्रचार के लिए एक कार्यक्रम है, जो एक गैर लाभकारी कंपनी है जिसकी स्थापना खेल के दिग्गज गीत सेठी और प्रकाश पादुकोण ने की है, जिसका मिशन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने में भारतीय एथलीटों का समर्थन करना है।