Home » पीएम मोदी ने दी उत्तराखंड को 18 हजार करोड़ की दी सौगात, देहरादून से खिंचा विकास का नक्शा

पीएम मोदी ने दी उत्तराखंड को 18 हजार करोड़ की दी सौगात, देहरादून से खिंचा विकास का नक्शा

by Bhupendra Sahu

देहरादून। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा में सभी को अभिनंदन करते हुए कहा कि उत्तराखंड का सभी दाणा सयानो, दीदी भूलियो, चची और भय बहणों, आप सभी छ मेरा प्रणाम। और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभिनदंन से देहरादून की तमाम पहाड़ी जनता खासी हर्षित दिखाई दी प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप सभी इतनी बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आए हैं आपके स्नेह आपका आशीर्वाद यह आशीर्वाद का प्रसाद पाकर सभी अभिभूत हैं उनके अनुसार उत्तराखंड पूरे देश की आस्था ही नहीं बल्कि कर्म और कठोरता की भूमि है इसलिए इस क्षेत्र का विकास यहां को भव्य स्वरूप देना आप डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है बीते 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। यहां की सरकार इन्हें धरातल पर उतार रही है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया गया है। बीते वर्षों की कड़ी मेहनत व अनेक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ये दिन आया है। मैं केदारपुरी के बाद अब देहरादून से दोहरा रहा हूं। ये परियोजनाएं इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएंगी। जो लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का क्या फायदा है, वह देख सकते हैं, कैसे ये सरकार विकास की गंगा बहा रही है।

पीएम ने विपक्षियों पर साधा निशाना कहा जो लोग कहते हैं कि डबल इंजन के सरकार का फायदा क्या है वह आज देख सकते हैं कि कैसे विकास की गंगा बहाई जा रही है दस साल में देश में जो घोटाले हुए, उसकी भरपाई के लिए हम दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं। आज भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश के इरादे से आगे बढ़ रहा है। आज भारत की नीति दोगुनी तेजी से काम करने की है। 21वीं सदी के इस कालखंड में कनेक्टिविटी का एक ऐसा महायज्ञ चल रहा है जो भारत को विकसित देशों की संख्या में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 2007 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 600 करोड़ रुपये के केवल 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया। जबकि हमारी सरकार ने अपने 7 वर्षों में उत्तराखंड में 12,000 करोड़ रुपये के 2,000 किलोमीटर से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। कोरोनाकाल में उत्तराखंड में 50 से अधिक नए ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। आज प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि पांच साल पहले मैंने कहा था, जो कहा था, उसको याद करने की ताकत राजनेताओं में जरा कम होती है। मुझमें है। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली। एक समय पहाड़ पर रहने वाले लोग विकास की मुख्यधारा से जुडऩे का सपना ही देखते थे। हमें कब सड़क मिलेगी, बिजली मिलेगी, कब स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, लेकिन जब कुछ करने का जुनून हो तो सूरत भी बदलती है और सीरत भी बदलती है। आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती की लोग समस्या लेकर आएंगे। आज सरकार सीधे नागरिकों के पास जाती है। एक समय था कि उत्तराखंड में सवा लाख घरों में नल से जल पहुंचता था। आज सात लाख से ज्यादा घरों में जल पहुंच रहा है। पूर्व की सरकारों ने हर स्तर पर सेनाओं को निराश करने की कसम खाई हुई थी लेकिन हमारी सरकार दुनिया के किसी देश के दबाव में नहीं आती।

पीएम ने कहा कि देवभूमि में श्रद्धालु भी आते हैं। उद्यमी भी आते हैं। प्रकृति प्रेमी सैलानी भी आते हैं। इसलिए यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व काम किया जा रहा । ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत आज चारधाम यात्रा आसान हो रही है। केदारनाथ त्रासदी से पहले 2012 में 570000 लोगों ने दर्शन किया था और यह उस समय का एक रिकॉर्ड था। जबकि कोरोनाकाल शुरू होने से पहले 2019 में 10 लाख से ज्यादा लोग केदारनाथ जी के दर्शन करने पहुंचे। पीएम ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे हमारे विकास के मॉडल का भी प्रमाण होगा। इसमें एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनेगा। पहले जब भी मैं उत्तराखंड आता था याद रखना आने-जाने वालों से मिलता था वह हमेशा कहते थे मोदी जी दिल्ली से देहरादून की यात्रा गणेशपुर तक तो आसानी से हो जाती है, लेकिन गणेशपुर से देहरादून तक बड़ी मुश्किल होती है आज मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर का शिलान्यास हो चुका है। जब यह बनकर तैयार हो जाएगा तो दिल्ली से देहरादून आने में जो समय लगता है वह करीब करीब आधा हो जाएगा। इससे ना केवल देहरादून के लोगों को फायदा पहुंचेगा बल्कि हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, शामली बागपत और मेरठ जाने वालों को भी सुविधा होगी।

पीएम ने कहा समय के साथ हमारे देश की राजनीति में कईं विकृतियां आ गई हैं। कुछ राजनीतिक दल समाज में किसी खास धर्म, जाति या अपने इलाके की तरफ ध्यान देते हैं। उसमें उन्हें वोटबैंक नजर आता है। इन दलों ने एक और तरीका अपनाया है। जनता को मजबूत नहीं होने देना। वह चाहते रहे कि जनता हमेशा मजबूर बनी रहे। जनता को अपना मोहताज बनाओ, ताकि उनका ताज महफूज रहे। उन दलों के सभी प्रयास इसी दिशा में हुए। हमने एक नया रास्ता चुना है, वह मार्ग कठिन है लेकिन देशहित में है। सबका साथ, सबका विकास हमारा मार्ग है। हम जो भी योजना लाएंगे, सबके लिए लाएंगे। बिना भेदभाव के लाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जहां अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली बोली से की, वहीं अंत कविता की कुछ पंक्तियों से किया।

दो घंटे में पहुंच पाएंगे दिल्ली से देहरादून: सीएम
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि हमारा देश आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास पथ की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी, मैं आपको इस विश्वास दिलाता हूं कि आपके महायज्ञ के लिए जिस भी आहुति की जरूरत होगी उसके लिए उत्तराखंड के लोग तत्पर रहेंगे।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी तपस्वी की तरह देश की सेवा कर रहे हैं। सिंह अपने गुण और अपने पराक्रम से खुद अपना शासन प्राप्त करता है, यह कहावत पीएम पर फिट बैठती है। आज संपूर्ण विश्व मोदी जी के प्रयासों की सराहना कर रहा है। आज देश का बच्चा-बच्चा केंद्र की योजनाओं से भली भांति परिचित है। कोरोना काल में जहां अन्न योजना से करोड़ों लोगों को भोजन दिया, वहीं आयुष्मान योजना से निशुल्क इलाज मिला। पीएम के नेतृत्व में वर्षों से लंबित दर्जनों मामलों का हल निकला है। राम मंदिर का वर्षों से लंबित कार्य पीएम के चमत्कारी नेतृत्व में आज अद्भुत आकार ले रहा है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी। कुछ वर्ष पूर्व ऐसा सोचना भी अकल्पनीय सा लगता था। चाहे आज सड़क मार्ग को उत्तराखंड को कोने-कोने से जोडऩा हूं या देव भूमि के शहरों को हेली सेवा से जोडऩा हो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमने कनेक्टिविटी को विकास का मूल मानकर कार्य किया है।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में हमारी सरकार जनता के प्रति विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। हमने पांच महीने में 500 से ज्यादा फैसले लिए हैं। आज हमारी सेना दुश्मन को उसके घर में जाकर मारने का काम करती है। सीमा पर हमारे जवान दुश्मन की गोली का जवाब गोली से देते हैं। हमारे देश के कुछ स्वार्थी दल दीमक के समान हैं। उन्होंने सिर्फ अपने परिवार का भला किया और देश को खोखला करने का काम किया है। ये सिर्फ चिकनी-चुपड़ी बातें करते हैं। हमें इनसे सावधान रहने की जरूरत है। जिन्होंने उत्तराखंड का विरोध किया था वो अब उत्तराखंडियत की बात कर रहे हैं। इन्हें वोट की चोट से ही जवाब दिया जा सकता है। हमारा एक ही ध्येय है- उत्तराखंड का विकास।
सीएम धामी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में जब राज्य स्थापना का रजत जयंती वर्ष को मना रहा होगा तब उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बने। हमें विश्वास है कि आप सभी के सहयोग से हम इस लक्ष्य को अवश्य हासिल करेंगे। हमारा उत्तराखंड विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसकी गति को बनाए रखने के लिए जरूरी है डबल इंजन की सरकार का कायम रहना। जिससे प्रदेश का विकास निर्बाध गति से होता रहे।
हमारा संकल्प है विकास का, हमारा संकल्प है उन्नति का, हमारा संकल्प है समृद्धि का, हमारा संकल्प है प्रगति का, हमारा संकल्प है श्रेष्ठता का यही विकल्प रहित संकल्प लेकर हम प्रदेश का विकास सुनिश्चित करने की ओर बढ़ रहे हैं।
अंत में सीएम धामी ने कुछ पंक्तियों से अपना भाषण खत्म किया।
निर्भय हो निज कर्मक्षेत्र में रूकें न हम, बढ़ते ही जाएं,
विजय शिखर पर दृढ़ प्रतिज्ञ हों हम, सदैव चढ़ते ही जाएं,
भय से कातर हों न कभी हम, नहीं निराशा मन में लाएं,
करें पूर्ण निज ध्येय निरंतर, जीवन का पुरूषार्थ दिखाएं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More