अमरावती (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश में भारी बारिश से आई बाढ़ ने तबाही मचाई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक बाढ़ की वजह से अब तक कम से कम 17 लोगों की मौत हुई है, जबकि 100 के करीब लोग लापता बताए जा रहे हैं. अनंतपुर जिले के कादिरी कस्बे में देर रात भारी बारिश के चलते एक पुरानी 3 मंजिला इमारत गिरने से 3 बच्चों और एक वृद्ध महिला की भी मौत हो गई. रेस्क्यू ऑपरेशन यहां जारी है. इमारत के मलबे में अब भी 4 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते राज्य के 4 जिलों में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने तबाही मचाई है. रायलसीमा के तीन जिलों और एक दक्षिणी तटीय जिले में 20 सेमींटर से भी ज्यादा बारिश हुई है. लगातार राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है. आंध्र प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की एक बस रामपुरम में फंस गई, जिसके चलते 12 लोगों की जान चली गई.
वहीं गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश व इससे पैदा हुई बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी से बात की और उन्हें हरसंभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया. ज्ञात हो कि आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में शुक्रवार को अचानक आई बाढ़ में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ लोगों के इसमें बह जाने की आशंका जताई गई है.
हर संभव मदद का दिया भरोसा
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ”आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी से राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर बात की. हरसंभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया.ÓÓ उन्होंने सभी के कुशल क्षेम व सुरक्षा की कामना की. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हुई भारी बारिश से राज्य में कुछ नदियां उफान पर हैं और इससे चित्तूर और कडप्पा में कई वर्षों की सबसे भयानक बाढ़ आई. राष्ट्रीय आपदा मोचन दल और राज्य आपदा मोचन बल के दल बचाव एवं राहत कार्य में जुटे हैं.
००