नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ देशव्यापी टीकाकरण अभियान तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। गुरुवार को देश में टीकाकरण का आंकड़ा 115 करोड़ के पार हो गया। कोविन पोर्टल के अनुसार अब तक देश में कोरोना रोधी टीकों की 115 करोड़ सात लाख 92 हजार 670 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। देश में अब तक टीके की 76 करोड़ 11 लाख 67 हजार 300 पहली खुराकें और 38 करोड़ 96 लाख 25 हजार 370 दूसरी खुराकें दी जा चुकी है। देश में 97,633 केंद्रों पर टीकाकरण का काम किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए अब तक कुल 82 करोड़ 42 लाख 43 हजार 665 पंजीकरण कराए गए हैं।
मध्यप्रदेश में आधी आबादी को लगीं दोनों डोज
मध्यप्रदेश में आधी पात्र जनसंख्या को कोरोना वायरस रोधी टीके की दोनों खुराकें लग चुकी हैं। राज्य सरकार ने 25 दिसंबर तक पूरी पात्र आबादी का 100 फीसदी पूर्ण टीकाकरण करने का लक्ष्य तय किया है। बुधवार को प्रदेश में रात नौ बजे तक 16 लाख 83 हजार 512 पात्र लोगों को टीके की खुराक दी गई। राज्य में कुल अनुमानित पात्र आबादी 5.59 करोड़ है। इसमें से दो करोड़ 75 लाख 43 हजार 593 लोगों को टीके की दोनों खुराकें दी जा चुकी हैं। वहीं, पांच करोड़ चार लाख 56 हजार 163 पात्र लोगों को पहली खुराक दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे लेकर प्रदेश के लोगों को बधाई दी है।