लखनऊ। उत्तरप्रदेश में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे खुद उत्तराखंड से पलायन करके आए हैं। अगर वह उत्तराखंड से पलायन करके यहां नहीं आते तो यूपी का 5 साल का समय बर्बाद नहीं होता। सीएम योगी के खानदान के बयान पर तंज करते हुए अखिलेश ने कहा कि खानदान और परिवार उसी को याद आता है, जो खिसियाया होता है, हारने वाला होता है और जो जाने वाला होता है।
भाजपा के परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी सबसे बड़ी परिवारवादी पार्टी है, उसे अपना परिवारवाद नहीं दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, पूरा समाजवादी परिवार है। समाजवादी परिवार के नेतृत्व में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एकजुट होकर किसानों, नौजवानों, गरीबों के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में अपना कोई कार्य नहीं किया। ये अभी तक सपा सरकार के कार्यों का उद्घाटन कर रहे हैं।