एसएस राजामौली काफी समय से अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म आरआरआर को लेकर चर्चा में हैं। हाल में मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था। यह फिल्म अगले साल 7 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जूनियर एनटीआर, राम चरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अब फिल्म का टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर में सभी लीड कलाकारों की झलक दिखी है।
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने ट्विटर हैंडल पर आरआरआर का टीजर शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, राजामौली ने फिल्म आरआरआर की दुनिया को एक झलक दिखाई। इसके आश्चर्यजनक दृश्य आपको चौंका देंगे। फिल्म का निर्देशन महान कथाकार राजामौली द्वारा किया गया है। टीजर का म्यूजिक बहुत खास है, जो दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा है। एक वार ड्रामा फिल्म की तरह इसमें एक्शन का भरपूर डोज है।
आरआरआर मूवी ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर टीजर का अनावरण किया है। आरआरआर मूवी ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, फिल्म आरआरआर का युग अभी शुरू हुआ है। बहुप्रतीक्षित फिल्म की झलक पेश कर रहा हूं। आइए हम सब मिलकर भारतीय सिनेमा के गौरव को वापस लाएं। 7 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म। टीजर में राम चरण और जूनियर एनटीआर को सुपरहीरो के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
टीजर में अजय को पहचान पाना मुश्किल लग रहा है। वहीं, इसमें आलिया की भी दमदार उपस्थिति है। टीजर से भले ही फिल्म की कहानी के बारे में पता नहीं चलेगा, लेकिन इसके लुक ने सभी को प्रभावित किया। चूंकि, यह फिल्म युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, इसलिए इसके टीजर की शुरुआत भी युद्ध के दृश्य से ही होती है। अजय अपने हाथ में बंदूक थामे दुश्मनों से लोहा लेते हुए नजर आए हैं।
साल की शुरुआत में निर्माताओं ने घोषणा की थी कि नेटफ्लिक्स और जी5 ने फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल कर लिए हैं। थिएट्रिकल रिलीज के बाद फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में जी5 पर रिलीज होगी। वहीं, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर फिल्म हिन्दी, पुर्तगाली, कोरियाई, तुर्की और स्पेनिश भाषाओं में प्रसारित होगी। फिल्म के एक पुराने पोस्टर में राम घोड़े पर सवार दिखे थे। वहीं, एनटीआर को बाइक पर सवार देखा गया था।
इस फिल्म में 1920 के दशक की कहानी को फिल्माया जाएगा। फिल्म में राम और एनटीआर भाई की भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म दो महान स्वतंत्रता सेनानियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की कहानी पर आधारित है। इन्होंने अंग्रेजों और हैदराबाद के निजाम से भी आजादी की लड़ाई लड़ी थी। यह एक पैन इंडिया फिल्म होगी जिसे बड़े बजट में बनाया जा रहा है। फिल्म को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत में तैयार किया जाएगा।
आरआरआर का क्लैश आलिया की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी से होने वाला है। गंगूबाई काठियावाड़ी अगले साल 6 जनवरी को देशभर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प है कि इस फिल्म में भी आलिया और अजय नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है। यह फिल्म हुसैन जैदी की लिखी गई किताब माफिया क्वीन ऑफ मुंबई पर आधारित है। फिल्म गंगा हरजीवनदास नामक वेश्या पर आधारित है, जिन्हें गंगूबाई के नाम से भी जाना जाता है।
००