मुंबई । निवेशकों की उम्मीद के विपरीत रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों को यथावत रखने से आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 20 पैसे लुढ़ककर साढ़े पांच महीने के निचले स्तर 74.99 रुपये प्रति डॉलर तक लुढ़क गया। पिछले कारोबारी दिवस रुपया 19 पैसे चढ़कर 74.79 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
शुरुआती कारोबार में रुपया 21 पैसे की बड़ी गिरावट के साथ 75 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और नीतिगत दरों की घोषणा के साथ ही 75.16 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक उतर गया। बाद में यह 74.91 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले दिवस के 74.79 रुपये प्रति डॉलर के मुकाबले 20 पैसे टूटकर 74.99 रुपये प्रति डॉलर रह गया।
विश्लेषकों के अनुसार, दुनिया के अन्य केंद्रीय बैंकों की तरह निवेशक आरबीआई से भी नीतिगत दरों में सुधार की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन, ऐसा नहीं होने का दबाव आज रुपये पर देखा गया और यह मध्य अप्रैल के बाद के निचले स्तर तक लुढ़क गया।