Home » बस्तर में चक्रवाती तूफान गुलाब से भारी बारिश की संभावना

बस्तर में चक्रवाती तूफान गुलाब से भारी बारिश की संभावना

by Bhupendra Sahu

जगदलपुर। बस्तर संभाग में चक्रवाती तूफान गुलाब का प्रभाव 27 सितम्बर को देखने को मिल सकता है। हालांकि इसका असर आज सुबह से ही देखा जा रहा है, आसमान में बादल मंडराने लगे हैं साथ ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने गुलाब तूफान के रविवार की शाम रात तक ओडि़शा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाके में पहुंचने की संभावना व्यक्त की है। 27 सितम्बर को चक्रवात गुलाब के असर से बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर व नारायणपुर जिले में भारी से अतिभारी तथा एक-दो स्थानों पर भीषण बारिश का अंदेशा है।

मौसम विभाग के अनुसार एक गहरा अवदाब उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित था, जो पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके और प्रबल होकर समुद्री चक्रवात के रूप में बदलने की संभावना है। इसके पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए तटीय उत्तरी आंध्र प्रदेश, तटीय दक्षिणी उड़ीसा के बीच विशाखापट्टनम और गोपालपुर के मध्य कलिंगपटनम के पास 26 सितम्बर की शाम या रात तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, मंडला, संबलपुर, पारादीप और उसके बाद पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में स्थित गहरा अवदाब के केन्द्र तक स्थित है।

इसके प्रभाव से आज एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चन्द्रा के मुताबिक चक्रवाती तूफान गुलाब का असर 27 सितम्बर को बस्तर में पडऩे की संभावना है। इस दौरान बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिले में प्रतिघंटा 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। यहां भारी से अतिभारी तथा एक-दो स्थानों पर भीषण बारिश का अंदेशा है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More