Home » नए भारत में पद नहीं पदक महत्वपूर्ण, परिवार नहीं परिश्रम से आगे बढ़ रहा देश: PM मोदी

नए भारत में पद नहीं पदक महत्वपूर्ण, परिवार नहीं परिश्रम से आगे बढ़ रहा देश: PM मोदी

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के लाभार्थियों से संवाद किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आप सभी से बात करके बहुत संतोष हो रहा है। संतोष इस बात का कि दिल्ली से अन्न का जो एक एक दाना भेजा गया, वो हर लाभार्थी की थाली तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि संतोष इस बात का कि पहले की सरकारों के समय यूपी में गरीब के अनाज की जो लूट हो जाती थी, अब वो रास्ता बंद हो गया है। यूपी में जिस तरह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को लागू किया जा रहा है, वो नए उत्तर प्रदेश की पहचान को और मजबूत करती है।

मोदी ने कहा कि आज की ये 5 अगस्त की तारीख बहुत विशेष बन गई है। ये 5 अगस्त ही है, जब 2 साल पहले देश ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को और सशक्त किया था। 5 अगस्त को ही, आर्टिकल-370 को हटाकर जम्मू कश्मीर के हर नागरिक को हर अधिकार, हर सुविधा का पूरा भागीदार बनाया गया था। यही 5 अगस्त है जब कोटि-कोटि भारतीयों ने सैकड़ों साल बाद भव्य राम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा। आज अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। और करीब 4 दशक बाद ये स्वर्णिम पल आया है। जो हॉकी हमारी राष्ट्रीय पहचान रही है, आज हमारे युवाओं ने उस गौरव को फिर से हासिल करने की तरफ देश को बहुत बड़ा तोहफा दिया है।

मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि एक तरफ हमारा देश, हमारे युवा भारत के लिए नई सिद्धियां हासिल कर रहे हैं। जीत का, गोल के बाद गोल कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे हैं जो राजनीतिक स्वार्थ के चलते एक तरह से सेल्फ गोल कर रहे हैं। देश क्या हासिल कर रहा है, इससे इन्हें कोई सरोकार नहीं है। ये लोग देश का समय और देश की भावना दोनों को आहत कर रहे हैं। भारत की संसद का, ये लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ की वजह से निरंतर अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब देश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा था, तो कुछ लोग संसद को रोकने में लगे हैं। कुछ ही सप्ताह में हमने जो कीर्तिमान देखे, उसमें भारतीयों का सामर्थ्य और सफलता, चारों ओर नजर आती है। ओलंपिक में अभूतपूर्व प्रदर्शन को पूरा देश उत्साहपूर्वक देख रहा है।

मोदी ने कहा कि जो लोग सिर्फ अपने पद के लिए परेशान हैं, वो अब भारत को रोक नहीं सकते। नया भारत, पद नहीं पदक जीतकर दुनिया में छा रहा है। नए भारत में आगे बढ़ने का मार्ग परिवार नहीं, बल्कि परिश्रम से तय होगा। इसलिए, आज भारत का युवा कह रहा है- भारत चल पड़ा है, भारत का युवा चल पड़ा है। इस मुश्किल समय में एक भी गरीब ऐसा न हो, जिसके घर में राशन न हो, ये सुनिश्चित करना जरूरी है। 100 साल का ये संकट सिर्फ महामारी का ही नहीं है, बल्कि इसने कई मोर्चों पर देश और दुनिया की अरबों की आबादी को अपनी चपेट में लिया है। अतीत में हमने अनुभव किया है कि जब देश पर पहले इस तरह का बड़ा संकट आता था तो देश की तमाम व्यवस्थाएं बुरी तरह से हिल जाती थीं। लेकिन आज भारत, भारत का प्रत्येक नागरिक पूरी ताकत से इस महामारी का मुकाबला कर रहा है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More