Home » तुंहर सरकार तुंहर द्वार : आवेदकों के घर भेजे गए एक लाख से अधिक प्रमाण पत्र, 02 माह में ही हुआ एक लाख से पार

तुंहर सरकार तुंहर द्वार : आवेदकों के घर भेजे गए एक लाख से अधिक प्रमाण पत्र, 02 माह में ही हुआ एक लाख से पार

by Bhupendra Sahu
  • ‘‘अब बार-बार न कार्यालय के चक्कर, न ही कोरोना का भय’’
  • परिवहन मंत्री श्री अकबर ने पंडरी में संचालित केन्द्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग केन्द्र का किया निरीक्षण

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा नई सुविधा ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ का कुशलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इसके तहत केवल जून तथा जुलाई के दो माह की अवधि में एक लाख 1 हजार 298 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेन्स आवेदकों के घर भेजे जा चुके हैं।

परिवहन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने आज राजधानी के पंडरी स्थित केन्द्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार‘ योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही है। जन केन्द्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को न अब बार-बार परिवहन विभाग का चक्कर लगाना पड़ रहा है और न ही उन्हें कोरोना के भय का सामना करना पड़ रहा है।

आयुक्त परिवहन श्री टोेपेश्वर वर्मा ने बताया कि ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार’ सेवा को और अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाईन नम्बर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है। आवेदक चाही गई जानकारी ई-मेल आईडी cgparivahandispatch@gmail.com पर भी अपनी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उक्त हेल्पलाइन नम्बर पर फोन करके आवेदक अपने ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभी औसतन प्रतिदिन 125-150 कॉल आ रहे हैं। जिसमें मुख्य रूप से ड्रायविंग लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स एवं फीस संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त श्री दीपांशु काबरा तथा उप परिवहन आयुक्त श्री शैलाभ साहू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More