रायपुर । राजधानी रायपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में करीब 10 अधिकारियों की टीम एक साथ जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों फर्मों से जुड़े चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई। टीम द्वारा दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी की बारीकी से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी की शिकायतों के आधार पर की गई है। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में बड़े स्तर पर कर चोरी के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है और आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।