रायपुर शासन की जनकल्याणकारी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना से कई महिलाएं अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अपने बच्चों के स्कूल फीस भुगतान आदि कार्यों में राशि का उपयोग कर रही है।
इसी तारतम्य में मुंगेली जिले के विकासखंड लोरमी के ग्राम झाफल की श्रीमती गौरी राजपूत परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का प्रयास कर रही हैं। गौरी राजपूत ने बताया कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे अपनी पढ़ाई और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जैसे पुस्तकों की खरीद में करती हैं। इससे उन्हें अपने भविष्य को बेहतर बनाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता ने न केवल उनकी पढ़ाई में मदद की है बल्कि परिवार की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने में भी सहारा दिया है। वे बताती हैं कि पहले आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई जारी रखना कठिन लग रहा था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली नियमित सहायता से आत्मविश्वास बढ़ा है और आगे बढ़ने का हौसला मिला है।
श्रीमती गौरी राजपूत ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।