Home » अत्याधुनिक मशीनों से होगा कैंसर मरीजों का इलाज: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

अत्याधुनिक मशीनों से होगा कैंसर मरीजों का इलाज: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

by Bhupendra Sahu

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रीवा, विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए ट्रेन के इंजन के समान है, जो संपूर्ण विंध्य को गति प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश सभी चुनौतियों को पार करते हुए सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन और उसके आसपास के देशों में जाते थे। वहां जब युद्ध के हालात बने तो प्रधानमंत्री श्री मोदी एक-एक भारतीय को स्वदेश वापस लेकर आए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के विस्तारीकरण कार्य का भूमि-पूजन करने के बाद जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार में उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल लगातार 24 घंटे सबसे अच्छा काम करके दिखा रहे हैं। इसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास कार्यों की गति निरंतर जारी है। रीवा में नया अस्पताल भवन बनने के बाद 2400 से अधिक बेड की क्षमता हो जाएगी। आजादी के बाद 55 वर्षों में प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे। हमारी सरकार आने के बाद 2 साल में ही 6 शासकीय मेडिकल कॉलेज खुले हैं। प्रदेश के प्रमुख जिलों के साथ जनजातीय अंचलों में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की पहल की गई है। बहुत जल्द मध्यप्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 50 हो जाएगी। रीवा के नए अस्पताल भवन में कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कैंसर के इलाज के लिए स्पेशल यूनिट बनेगी। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर में भी अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से कैंसर मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के लिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का समान महत्व है। विंध्य के सिंगरौली को भी मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल गई है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का ही परिणाम है कि अब मध्यप्रदेश में मेडिकल अंडर ग्रेजुएट के लिए सीटों की संख्या 5500 हो चुकी है। आगामी वर्षों में हर साल 10 हजार डॉक्टर मेडिकल की पढ़ाई पूर्ण कर निकलेंगे। प्रदेश में नर्सिंग और पैरा मेडिकल के लिए भी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। रीवा के श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के विस्तारीकरण के लिए लगभग 350 करोड़ की लागत से विकास कार्यों का भूमि-पूजन हुआ है। इनमें 15 अलग-अलग विकास कार्य भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा के पास गुढ़ क्षेत्र में बाबा भैरवनाथ लोक परिसर का लोकार्पण भी किया गया है। यह मंदिर भविष्य में अद्भुत तीर्थ बनेगा। इसके पास गुढ़ में 750 मेगावॉट क्षमता का सोलर प्लांट भी बना है। राज्य सरकार ने पर्यटन और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है। रीवा के लोग भाग्यशाली हैं, जिन्हें सीधे दिल्ली के लिए हवाई सेवा मिली है। देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश में एयर एंबुलेंस शुरू की गई है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More