Home » ऐपल ने दर्ज की 2021 के बाद सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि

ऐपल ने दर्ज की 2021 के बाद सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। ऐपल ने दिसंबर, 2021 के बाद अब तक की सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि दर्ज की है। तीसरी तिमाही में आईफोन की बिक्री में 13 प्रतिशत की सालाना बढ़त हुई और कुल राजस्व 10 प्रतिशत बढ़कर 94.04 अरब डॉलर (लगभग 8,200 अरब रुपये) पहुंच गया। विश्लेषकों को इससे कम नतीजों की उम्मीद थी। सीईओ टिम कुक ने कहा कि यह हर लिहाज से एक शानदार तिमाही रही। आईफोन 16 की मांग ने कंपनी के मुनाफे को काफी बढ़ाया है।
ऐपल के सेवा कारोबार में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 27.42 अरब डॉलर (लगभग 2,400 अरब रुपये) तक पहुंच गया। आईक्लाउड और ऐप स्टोर से कंपनी को अच्छी आमदनी हुई। मैक की बिक्री में भी 15 प्रतिशत की बढ़त देखी गई, जिसमें अपडेटेड मैकबुक एयर की भूमिका प्रमुख रही। यह ऐपल की किसी एक इकाई की सबसे तेज बढ़त थी। कंपनी ने सकल मार्जिन 46.5 प्रतिशत दर्ज किया, जो अपेक्षा से बेहतर रहा।
आईपैड की बिक्री में 8 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 6.58 अरब डॉलर (लगभग 600 अरब रुपये) रह गई। वियरेबल्स इकाई, जिसमें ऐपल वॉच और एयरपॉड्स शामिल हैं, का राजस्व 8.64 प्रतिशत गिरकर 7.4 अरब डॉलर पर आ गया। दूसरी ओर, ऐपल को चीन से राहत मिली जहां बिक्री 4 प्रतिशत बढ़कर 15.37 अरब डॉलर तक पहुंची। पिछले 2 तिमाहियों में वहां गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन इस बार चीनी सब्सिडी से ऐपल को फायदा हुआ।
कंपनी ने संकेत दिया है कि सितंबर तिमाही में भी राजस्व में मध्यम वृद्धि हो सकती है। सेवा कारोबार में 13 प्रतिशत वृद्धि का स्तर बरकरार रह सकता है और सकल मार्जिन 46-47 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है। ऐपल को जून तिमाही में टैरिफ के रूप में 80 करोड़ डॉलर (लगभग 7,000 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ, लेकिन सितंबर तिमाही में यह बढ़कर 1.1 अरब डॉलर (लगभग 100 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More