महाकुंभ नगर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह महाकुंभ 2025 की औपचारिक पूर्णाहुति के लिए प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ नगर के अरैल घाट पर सफाईकर्मियों के साथ मिलकर सफाई की और गंगा तट पर मंत्रियों के साथ श्रमदान किया। वहीं, जल में मौजूद छोड़े गए वस्त्रों को निकालकर महाकुंभ के उपरांत पूरे मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए अभियान का शुभारंभ किया।
सीएम योगी ने स्वच्छता अभियान से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रतिबद्ध स्वच्छता दूतों की सतत सेवा से स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित महाकुंभ-2025 प्रयागराज की परिकल्पना सिद्ध हुई है। आज प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान में अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ सहभाग किया। महाकुंभ-2025, प्रयागराज के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।