Home » पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण जनता के प्रति रहे संवेदनशील – राज्यपाल 

पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण जनता के प्रति रहे संवेदनशील – राज्यपाल 

by Bhupendra Sahu

राज्यपाल ने राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों को दी शुभकामनाएं
राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम

भोपाल राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जनता की सेवा में पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण महत्वपूर्ण है। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। पुलिस का संवेदनशील व्यवहार जनता के मन में पुलिस के प्रति सम्मान को बढ़ाता है साथ ही पुलिस की छवि को जन हितैषी बनाता है। राज्यपाल श्री पटेल “राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित अधिकारी-कर्मचरियों से भेंट” कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस, जेल और होम गार्ड के पदक प्राप्तकर्ताओं एवं उनके परिजनों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष प्रदेश पुलिस के कुल 69 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित हुए हैं। यह सम्मान वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम राजभवन के सांदपनि सभागार में आयोजित हुआ।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था के उत्तरदायित्वों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। पुलिस ने “एक पेड़-माँ के नाम” अभियान में एक दिन में सवा लाख पौधे लगाए हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने मध्यप्रदेश पुलिस बल को इस सफलता के लिए बधाई दीं। उन्होंने प्रदेश पुलिस से आह्वान भी किया कि रोपे गए पौधों की भविष्य में देख-भाल की जिम्मेदारी भी तत्परतापूर्वक निभाएं।

सायबर जागरूकता में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में सायबर अपराधों की प्रकृति बदली है। सायबर अपराधों का शिकार अधिकांशत: बच्चे, महिलाएं, ग्रामीण और वंचित वर्ग के लोग हो रहे हैं।पुलिस को सायबर जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना होगा। पुलिस को तकनीकी और कानूनी रूप से दक्ष होकर, संवेदनशील विवेचना कर, सायबर अपराधियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस का हर अधिकारी-कर्मचारी अपने कर्तव्यों का संपूर्ण निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन करें।

अब रिएक्टिव पुलिसिंग से प्रिडिक्टिव पुलिसिंग की जरूरत

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय पुलिस सशक्त और स्वस्थ समाज का आधार होती है। समाज के विकास के लिए सुरक्षा जरूरी है, सुरक्षा के लिए पुलिस जरूरी है। पुलिस को समय के अनुसार स्वयं को अपडेट रखना होगा। अब रिएक्टिव पुलिसिंग से प्रिडिक्टिव पुलिसिंग की जरूरत है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि विगत 6 माह में पुलिस द्वारा नक्सल गतिविधियों पर कड़ाई के साथ निरंतर कार्रवाई की गई है। 4 हार्डकोर नक्सलियों को मार कर, नक्सल गतिविधियों पर काफ़ी हद तक नियंत्रण पाया है। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने असामाजिक तत्वों, राष्ट्रविरोधी ताकतों का कठोरता से दमन और गौ-वंश के अवैध परिवहन रोकने की प्रभावी कार्रवाई भी की है।

राज्यपाल श्री पटेल का समारोह में पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डीजीपी श्री सक्सेना ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने पदक प्राप्तकर्ताओं, प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस के सामाजिक सरोकारों पर आधारित कार्यों की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री साजिद फरीद शापू ने आभार व्यक्त किया। महानिदेशक जेल श्री गोविंद प्रताप सिंह, महानिदेशक होमगार्ड श्री अरविंद कुमार, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री मुकेश चंद गुप्ता, मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, मध्यप्रदेश पुलिस, होमगार्ड और जेल विभाग के पदक प्राप्तकर्ता और उनके परिजन उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More