रायपुर । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की प्रथम मुख्य प्रशासिका ब्रह्माकुमारी ओम राधे की 59 वीं पुण्य तिथि श्रद्घापूर्वक मनाई गई। विधानसभा रोड पर स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में एक सादे समारोह में ब्रह्माकुमारी ओम राधे के चित्र पर माल्यार्पण कर रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने श्रद्घासुमन अर्पित किए। ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने मातेश्वरी जी के जीवन से सम्बन्धित संस्मरण सुनाकर सभी को उनके द्वारा बतलाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बतलाया कि मातेश्वरी वात्सल्य की मूर्ति होने के साथ ही अनेक दैवी गुणों से सम्पन्न थी। सभी उन्हें माँ कहकर पुकारते थे। उन्होंने एक माँकी तरह से ब्रह्मावत्सों की पालना की। उनका जीवन अत्यन्त आदर्श और प्रेरणादायी था। उनके जीवन में अपनाए गए सिद्घान्त आज संस्था के लिए प्रमुख सूत्र बन चुके हैं जिसके आधार पर ब्रह्माकुमारी संस्था का संचालन किया जाता है। ब्रह्माकुमारी ओम राधे ने 24 जून 1965 को अपने पार्थिव शरीर का त्याग किया था।