नई दिल्ली। भारत की सबसे बड़ी एल्यूमिनियम उत्पादक कंपनी वेदांता एल्यूमिनियम ने बताया है कि कंपनी के सीईओ जॉन स्लेवन को इंटरनेशनल एल्यूमिनियम इंस्टीट्यूट (आईएआई) में वाइस चेयरमैन के रूप में नियुक्ति मिली है। इस नई भूमिका में स्लेवन दुनिया के एल्यूमिनियम उद्योग में सस्टेनेबल बदलावों की अगुआई करेंगे तथा ज़ीरो कार्बन का लक्ष्य पाने की दिशा में एल्यूमिनियम की अहम भूमिका को बढ़ावा देंगे।
सन् 1972 में स्थापित इंटरनेशनल एल्यूमिनियम इंस्टीट्यूट (आईएआई) ऐसा एकमात्र संगठन है जो दुनिया भर में प्राइमरी एल्यूमिनियम इंडस्ट्री की नुमाइंदगी करता है। उद्योग के प्रचालनों के बारे में जागरुकता बढ़ाना, जिम्मेदार उत्पादन की हिमायत करना तथा हरित प्रौद्योगिकियों के निर्माण में एल्यूमिनियम के उपयोग के अहम फायदों पर बल देना इस संगठन का काम है। वर्तमान आईएआई सदस्यता में दुनिया की अग्रणी बॉक्साइट, एल्यूमिना और एल्यूमिनियम कंपनियां शामिल हैं। यह संगठन एल्यूमिनियम उद्योग पर सबसे विस्तृत वैश्विक डाटा भी संभालता है जिसमें उत्पादन, खपत, ऊर्जा उपयोग एवं पर्यावरणीय प्रभाव संबंधी 40 से ज्यादा वर्षों का विश्लेषण शामिल है।