Home » कांग्रेस इस लायक भी नहीं बची कि 400 सीट पर चुनाव लड़ सके : मुख्यमंत्री योगी

कांग्रेस इस लायक भी नहीं बची कि 400 सीट पर चुनाव लड़ सके : मुख्यमंत्री योगी

by Bhupendra Sahu

चंडीगढ़ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंडीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार के नारे गूंज रहे हैं। देश ही नहीं दुनिया भी आश्वस्त है कि 4 जून को क्या परिणाम आने जा रहा है। कांग्रेस के कारनामों के कारण देश की जनता ने उसे इस हाल में भी नहीं छोड़ा है कि वह 400 सीटों पर चुनाव लड़ सके। पंजाब में जहां माफिया का बोलबाला दिखता है, वहीं, यूपी में हमने ऐसे तत्वों को उलटा टांग दिया है। आज उनकी कब्र पर कोई मर्सिया पढऩे वाला भी नहीं है।

सीएम योगी ने कहा कि आप और कांग्रेस का गठबंधन जनकल्याण के लिए नहीं, बल्कि लूट-खसोट के लिए बना है। वह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि से आए हैं और जगत जननी मां भगवती चंडी देवी तथा माता मनसा देवी के पावन दरबार को कोटि-कोटि नमन करते हैं। उन्होंने चंडीगढ़ को गुरुओं की साधना और उनकी भक्ति और शक्ति के अद्भुत संगम स्थल बताते हुए जनता का अभिवादन किया।
उन्होंने कहा कि जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे, क्योंकि, जो राम का है, वही राष्ट्र का है और जो राम का नहीं है, वह किसी काम का नहीं है। कांग्रेस के बुद्धिदाता कहते हैं कि भारत में राम मंदिर नहीं बनना चाहिए था। उन्हें ये बात पहले कांग्रेस को ही कहना चाहिए था ताकि कांग्रेस राम मंदिर इटली में बनवा देती।

सीएम योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन वाले नेता पहले न्यायालय को धमकाते थे कि राम मंदिर पर फैसला हुआ तो दंगे हो जाएंगे, खून की नदियां बह जाएंगी। हमने कहा कि यूपी में अब दंगा नहीं होगा, कोई दंगा करेगा तो उसको उलटा टांग देंगे। मैंने कहा था कि राम मंदिर पर फैसला जिस दिन होगा वो ब्रह्मांड का सबसे शांत दिन होगा। यूपी में अब दंगे नहीं होते हैं। अब यूपी में सड़क पर नमाज नहीं होती और मस्जिदों से लाउडस्पीकर भी उतर चुके हैं। अब सब शांति से रहना चाहते हैं।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More