रायपुर । राजधानी वासियों को जल्द ही 100 ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र से ई-बसों के लिए मिली अनुमति के बाद निगम ने संचालन के लिए रूट का चयन भी कर लिया है। जल्द ही नया रायपुर सहित भिलाई-दुर्ग तक नागरिकों को एसी वाली ई-बसों की सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने बसों की खरीदी, संचालन आपरेटर व भुगतान से संबंधित टेंडर भी कर दिया गया। केंद्र से जैसे-जैसे निर्देश मिल रहे हैं उन पर तत्काल कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में बसों को ठहराने के लिए डिपो का प्रस्ताव भी केंद्रीय दल के निरीक्षण के बाद तैयार कर केंद्र को भेज दिया गया है।
आमानाका और पंडरी में बनेगा बस डिपो
नगर निगम द्वारा आमानाका और पंडरी में बस डिपो बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्रीय दल के दौरे के बाद निगम अधिकारियों ने उनके पैरामीटर के अनुसार डिपो का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है, जिसमें पंडरी बस स्टैंड में 40 तो आमानाका बस डिपो में 60 बसों का डिपो बनाने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही बस डिपो बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बता दें कि दोनों डिपो में बसों के ठहरने से लेकर चार्जिंग भी व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, बसों के रूटों पर भी कुछ चार्जिंग पाइंट लगाए जाएंगे। जहां आवश्यकता अनुसार बसों को चार्ज किया जा सके।