राही,रायबरेली। गुरुवार को राही ब्लाक के भाँव में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आज देश के युवाओं नौकरी के नाम पर छलावा कर रही है। गांधी परिवार को परिवारवाद का नाम देने वाली भाजपा सरकार को यह बताना चाहती हूं कि देश की राजनीति के लिए मेरे पिता राजीव गांधी मेरी दादी इंदिरा गांधी ने अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए थे। इसी बदौलत आज गांधी परिवार ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए हमेशा से रायबरेली के विकास के लिए आगे रहा है।
प्रियंका ने कहा कि भाजपा की पूरी मशीनरी राहुल गांधी के खिलाफ झूठ फैलाने में लगी हुई है। बीजेपी को टारगेट करते हुए यह भी कहा कि पार्टी धर्म, जाति और मंदिर-मस्जिद के बारे में बोलती है लेकिन असल मुद्दों पर बात करने से बचती है। यहां के लोग नेताओं को सही तरीके सा जानते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को जब इंदिरा गांधी की नीति पंसद नहीं आई तो उन्होंने इंदिरा गांधी को हरा दिया।इंदिरा गांधी गुस्सा नहीं हुईं और उन्होंने आत्ममंथन किया। आपने उनको दोबारा से चुना। यही तो रायबरेली की खासियत है कि वह नेताओं को सही से समझते हैं। वहीं, प्रियंका ने संविधान बदलने को लेकर भी कहा कि बीजेपी संविधान को बदलना चाहती है लेकिन जब उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि उन्हें चुनाव में नुकसान उठाना पड़ेगा तो पीएम कहने लगे कि उनकी ऐसी कोई भी योजना नहीं है।प्रियंका गांधी ने कहा कि 5 किलो राशन से भविष्य नहीं बनेगा। इससे आप आत्मनिर्भर नहीं बन सकते हैं।कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर मैं आपसे पूछूं कि आप रोजगार और पांच किलो राशन के बीच क्या चुनेंगे? तो आप साफ तौर पर रोजगार को ही तवज्जो देंगे। यही है जो आपको आत्मनिर्भर बना सकता है। आपको यह समझने की जरूरत है कि जो राजनीतिक दल इस तरह की नीति बनाएगा जिससे आप निर्भर रहेंगे लेकिन आप आत्मनिर्भर नहीं हो सकते। आप अपने पैरों पर नहीं खड़े हो सकते तो उसकी नीति ठीक नहीं है। इस बात को आपको गहराई से समझना पड़ेगा।
बढ़ रही महंगाई को रोकने में भाजपा सरकार नाकाम रही। आज दिन रात अपनी खेतों की रखवाली करने के लिए किसान भाई रात भर जागते हैं तब जाकर जानवरों से बची हुई फसल शायद ही कुछ हद तक उसके घर पहुंच पाती हो। कांग्रेस के आने पर बढ़ रही महंगाई से निजात मिलेगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा। इससे पहले राही ब्लाक क्षेत्र के कुचरिया मुंशीगंज बेला टेकई आदि क्षेत्रों का नुक्कड़ सभा द्वारा संबोधित किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी,सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव,डॉ मनीष सिंह चौहान मौजूद रहे।
00