Home » भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया – अखिलेश यादव

भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया – अखिलेश यादव

by Bhupendra Sahu

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की जनता लोकसभा चुनाव में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी भाजपा सरकार के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ वोट करेगी। भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया। ईडी, सीबीआई और इन्कम टैक्स के छापों के बल पर वसूली की। देश के इतिहास में इस तरह की वसूली कभी नहीं हुई। भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर किया है। संविधान विरोधी काम किया है। इलेक्टोरल बॉण्ड के मामले में देश भर में भाजपा की वसूली की पोल खुल चुकी है। चंदा के नाम पर वसूली हुई, पैकेज लिया गया। भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ईडी, सीबीआई और इन्कम टैक्स के जरिए विपक्षी दलों के नेताओं को प्रताडि़त किया। बदनाम किया। भाजपा में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। पार्टियों को तोडऩे का काम किया। जनता सब देख रही है। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के खिलाफ खड़ी होगी। जनता ही देश में लोकतंत्र बचाएगी। भाजपा विपक्षी नेताओं पर दबाव बना कर पार्टी में तो शामिल करा सकती है लेकिन जनता को शामिल नहीं करा सकती है। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को सतर्क रहना होगा। पार्टी के नेता-कार्यकर्ता चुनाव में हर स्तर पर ध्यान रखे और निगरानी करें। भाजपा देश की हर संवैधानिक संस्था को कमजोर कर रही है। यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।

इस चुनाव में भाजपा को हराने से चूक गये तो जनता आने वाले समय में वोट नहीं डाल पायेगी। भाजपा जनता के अधिकार छीन रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों का भविष्य बर्बाद किया है। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली है लेकिन नौकरियां नहीं दी। वर्षों से नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र निराश और हताश है। भाजपा सरकार की नीयत युवाओं को नौकरी देने की नहीं है। भाजपा जानबूझ कर पेपर लीक कराती है। भाजपा सरकार के रहते युवाओं को न नौकरी मिलेगी और न आरक्षण मिलेगा। यही युवा, नौजवान लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगा। कहा कि 69 हजार सहायक शिक्षक अपना आंदोलन स्थगित कर तमाम चुनाव क्षेत्रों में फैल जाएं और भाजपा सरकार को हटाने में जुट जाएं। भाजपा की सत्ता से बेदखली के बाद ही शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होगा और नौजवानों की जिंदगी से अंधेरा छटेगा।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More