रायपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि जनता ने भाजपा को सुशासन, संवेदनशीलता, सेवा और संस्कार का प्रतिसाद देने का मन बना लिया है और सभी 11 सीटों पर रिकॉर्ड बहुमत से भाजपा को जीत मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बचे हुए दोनों टापू भी इस बार भाजपा की सुनामी में डूबने वाले हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस बार कोरबा और बस्तर में भी जीत का परचम फहराने वाले हैं। देव ने कहा कि प्रदेश का एक-एक भाजपा कार्यकर्ता कार्यकर्ता ‘अबकी बार 400 पार’ के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्राण-पण से जुटा हुआ है। छत्तीसगढ़ की जनता और हमारे 40 लाख निष्ठावान कार्यकर्ता 11 सीटों के रूप में इस चुनाव में मोदी को अपना पूर्ण समर्थन और सहयोग देने वाले हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा किए जाने के बाद एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को आहूत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विधानसभा चुनाव पूर्ण होने के दूसरे दिन से ही आरंभ हो गई थी। भाजपा सभी चुनावों को गंभीरता से लेती है। विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम के परिणामस्वरूप भाजपा को 46 प्रतिशत मत को साथ 54 सीटों पर जीत मिली। 2018 के विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा 15 सीटों पर जीती, लेकिन चार माह बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा को 9 सीटों पर जीत मिली थी। 2023 में 54 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है, इसलिए अबकी बार 11 सीटों को जीतने का लक्ष्य है। पिछले चुनाव के परिणाम से उत्साहित कार्यकर्ता फिर से लोकसभा चुनाव की तैयारी में दिन-रात जुटे हैं।
पीएम, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष आएंगे छत्तीसगढ़ : शर्मा
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं लेकर प्रचार करेंगे। पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए शर्मा ने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति की। इसी प्रकार संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की गई है। शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही पूरे 11 प्रत्याशियों की घोषणा होने का बाद लोकसभा क्षेत्रों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका है। सभी लोकसभा प्रत्याशियों का अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में सघन दौरा प्रारंभ हो चुका है। लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के 3 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे।