Home » हादसों में कमी लाने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी: कलेक्टर

हादसों में कमी लाने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी: कलेक्टर

by Bhupendra Sahu

मुंगेली  जिले में 34वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह 15 जनवरी से 14 फरवरी तक मनाया गया। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन के अवसर पर आज बी. आर. साव शासकीय स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राहुल देव ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग नियमों का पालन नहीं करने पर दुर्घटना का शिकार होकर अपनी जान गवां रहे हैं, हम सभी को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से बिना लाईसेंस के वाहन नहीं चलाने, रेड सिग्नल को पार नहीं करने तथा यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने पुलिस विभाग के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि जवानों ने जिले के विभिन्न स्थानों में जाकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी तथा सड़क सुरक्षा के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक और पुलिस प्रशासन की टीम तथा स्काउट-गाईड के बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
पुलिस अधीक्षक श्री गिरिजा शंकर जायसवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटना में कमी लाना है।

यदि हम सभी यातायात नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आ सकती है। उन्होंने सभी लोगों से यातायात के नियमों के प्रति जागरूक होने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के समापन में सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित निबंध, रंगोली, चित्रकला, स्लोगन आदि प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के साथ ही एनसीसी व स्काउट-गाईड के बच्चों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम को सफल बनाने सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान एसडीओपी लोरमी श्रीमती माधुरी धिरही, एसडीओपी मुंगेली श्री एस. आर. द्यृतलहरे, प्रशिक्षु डीएसपी श्री जितेन्द्र कुम्भकार सहित पुलिस एवं ट्रैफिक के जवान और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और एनसीसी व स्काउट-गाइड के सदस्य मौजूद रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More