कवर्धा के बैगा परिवारों के लिए बनेगा पक्का मकान: उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
बोड़ला के मेगा शिविर में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 47 सड़क निर्माण के लिए 135 करोड़ रूपए के कार्यों का शिलान्यास
कवर्धा जिले के 256 बैगा बाहुल्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने चलेगा विशेष अभियान
रायपुर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कवर्धा जिले के प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना के मेगा शिविर में वचुअर्ल माध्यम से जुड़े और बोड़ला विकासखंड में निवास करने वाली बैगा जनजाति के परिवारों से जनमन योजना के तहत मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना महाभियान उद्देश्य सरकार की योजनाएं पिछड़ी जनजाति के लोगों के बीच आसानी से पहुंचे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारे अति पिछड़े जनजातीय भाई-बहनों तक सरकार की हर योजना जल्द से जल्द पहुंचे। मेरा कोई अति पिछड़ा भाई-बहन अब सरकार की योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सिर्फ दो महीने में ही पीएम-जनमन अभियान ने वह लक्ष्य हासिल करना शुरू कर दिए हैं जो पहले कभी कोई नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय की भावी पीढ़ियों को अब किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े, इसके लिए उनकी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
बोड़ला में आयोजित पीएम जनमन योजना के मेगा शिविर को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में निवासरत् विभिन्न विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास और मुलभूत सुविधाओं के साथ उन्हें बुनियादी सुविधाएं देने के लिए केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जनमन योजना प्रारंभ किया गया है। इस योजना से कबीरधाम जिले के बोड़ला और पंडरिया विकासखंड में निवासरत् विशेष पिछड़ी जनजाति भाईयों को लाभ मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद पिछड़ी जनजाति का सुध लेने वाला और उनके जीवन को बेहतर बनाने के संकल्पों के साथ यह योजना बनाई है, तो वह प्रधानमंत्री श्री मोदी जी है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के संकल्पों को पूरा करते हुए मोदी जी के सभी गारंटी को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में प्रत्येक विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवार का पक्का मकान बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 8 हजार 500 पक्का मकान बनाने के लिए 170 करोड़ रूपए की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि अब आवास के लिए भटकने की जरूरत नहीं है। सरकार इसकी व्यवस्था कर रही है।