- भारत माता की आरती कर राष्ट्र स्वाभिमान यात्रा को किया रवाना, उठो, जागो क्विज प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन भी किया
रायपुर उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव आज बिलासपुर के विवेकानंद उद्यान में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह में शामिल हुए। समारोह का आयोजन विवेकानंद केन्द्र कन्याकुमारी की बिलासपुर शाखा द्वारा किया गया था। उन्होंने उद्यान में स्थापित स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
श्री साव ने कहा कि भारत देश की प्रतिष्ठा और पुराने वैभव को वापस दिलाने में स्वामी विवेकानंद जी का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वामी जी ने जाति, पंथ एवं संकीर्ण विचारों से ऊपर उठकर देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता पर जोर दिया। इससे प्रभावित होकर लाखों युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराया।
समारोह की अध्यक्षता अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अरूण दिवाकर नाथ वाजपेयी ने की। विधायक श्री सुशांत शुक्ला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विवेकानंद उद्यान में भारत माता की आरती में शामिल होकर राष्ट्र स्वाभिमान यात्रा को रवाना किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित उठो, जागो क्विज प्रतियोगिता के पोस्टर का भी विमोचन किया।