नोएडा । नोएडा के सेक्टर 22 में बने साउथ इंडियन बैंक के सहायक प्रबंधक ने अपनी मां और पत्नी समेत कई अलग-अलग खातों में 28 करोड़ से ज्यादा की रकम ट्रांसफर की और परिवार समेत फरार हो गया। इस मामले की जांच अब जिले की क्राइम ब्रांच पुलिस करेगी।
अभी तक इस मामले की जांच नोएडा के सेक्टर 24 थाना पुलिस कर रही थी। इस मामले में पुलिस अब तक 90 अकाउंट फ्रीज कर चुकी है। करोड़ों की धोखाधड़ी और गबन के मामले में संबंधित बैंक के डीजीएम रिजनल ने सहायक प्रबंधक, उसकी मां और पत्नी समेत अज्ञात के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में बीते दिनों केस दर्ज कराया था। शिकायत में रैनजीत आर नायक ने बताया था कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से सेक्टर-22 स्थित शाखा से गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी। जिस पर विभाग ने अपनी विजिलेंस टीम से यहां की जांच कराई।
जांच में पता चला कि सेक्टर-48 स्थित एसोशिएट इलेक्ट्रॉनिक्स रिसर्च फाउंडेशन नामक कंपनी के खाते से सहायक बैंक प्रबंधक राहुल शर्मा ने 28.07 करोड़ रुपए पत्नी भूमिका शर्मा और मां सीमा समेत अन्य के खातों में ट्रांसफर कर कंपनी व बैंक के साथ धोखाधड़ी की है।