Home » सुंदर और विकसित जशपुर बनाने तैयार होगा ‘‘मास्टर प्लान’’ : मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय

सुंदर और विकसित जशपुर बनाने तैयार होगा ‘‘मास्टर प्लान’’ : मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय

by Bhupendra Sahu

 

जशपुर को और अधिक सुंदर बनाएंगे, छत्तीसगढ़ को आगे ले जाएंगे

जशपुर की पावन धरा पर अपने पहले सम्बोधन में व्यक्त किया संकल्प

मुख्यमंत्री श्री साय ‘‘जशपुरिया माटी अटल सुशासन समारोह’’ में शामिल हुए

रायपुर, 28 दिसम्बर 2023/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जशपुर को और अधिक सुंदर बनाएंगे, पूरे छत्तीसगढ़ को समृद्धि के रास्ते पर आगे ले जाएंगे, हम छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया को चरितार्थ कर दिखाएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद आज जशपुर की पावन धरा पर अपने प्रथम आगमन पर रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘‘जशपुरिया माटी अटल सुशासन समारोह’’ को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर लगभग 111 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जशपुर में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने की आवश्यकता है। पहाड़ी कोरवा जनजाति की खेल प्रतिभाएं धनुर्विद्या में पारंगत हैं। इन क्षेत्रों को विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जशपुर में सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक चिकित्सालय की स्थापना के लिए योजना तैयार की जाए ताकि इस अंचल के लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास हमारा लक्ष्य है। मेरी सभी से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा रहेगी।

मख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभालने के बाद मैं पहली बार जशपुर आया हूं। आप लोगों ने जिस प्यार और दुलार के साथ मेरा स्वागत किया है उसके लिए सभी को धन्यवाद। उन्होंने जशपुर की भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि यह मेरी कर्म भूमि रही है। पूर्व मंत्री एवं सांसद स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव जी मेरे राजनीति के आदर्श रहे हैं। जशपुर आगमन पर आप सभी ने जैसा स्वागत किया उसे मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा। यह स्वागत मेरा नहीं पूरे जशपुर का स्वागत है। उन्होंने कहा कि आज यहां 110 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण हुआ है। मैं आप सभी को बधाई देता हूं। आपके बेटे को बहुत बड़ा दायित्व मिला है, उसे पूरा करूंगा। उन्होंने कहा कि जशपुर को सुंदर बनाने के संबंध में आपके कोई सुझाव हो तो अवश्य दें। आप सभी का मार्गदर्शन मुझे मिलता रहे। मैं सदैव जशपुर का नाम रोशन करता रहूं।

श्री साय ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ के सभी वर्ग के लोगों की खुशहाली की योजना तैयार की गई है। सभी वर्ग की चिंता करते हुए हमने छत्तीसगढ़ के लोगों से वायदा किया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आपको गारंटी दी थी कि हमारा पहला काम 18 लाख आवासहीनों का पक्का मकान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि 13 दिसम्बर को हमने शपथ ली। शपथ-ग्रहण के दूसरे ही दिन कैबिनेट की बैठक बुलाकर प्रधानमंत्री आवास योजना से 18 लाख परिवारों के पक्के आवास स्वीकृत करने का निर्णय लेकर यह गारंटी पूरी कर दी। विधानसभा में इसके लिए बजट भी पारित करवा लिया गया है। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य के 12 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में दो साल के बकाया धान बोनस की राशि 3716 करोड़ रुपए का अंतरण भी कर दिया गया है। महतारी वंदन योजना अंतर्गत हमारी सरकार विवाहित महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए की राशि की सहायता देगी। गरीब परिवारों को 500 रूपए में गैस सिलेण्डर देने, तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर 5500 रूपए प्रति मानक बोरा करने, चरण पादुका योजना पुनः प्रारंभ करने जैसी गारंटियों पर भी शीघ्र अमल किया जाएगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More