दुर्ग प्रदेश के गृह, लोक निर्माण एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू आज ग्राम थनौद हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय कृषक सम्मेलन में शामिल हुए। इस मौके पर मंत्री श्री साहू ने विभागीय स्टॉल प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कृषक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कृषक सम्मेलन का उद्देश्य शासन की योजनाओं की जानकारी एवं उसका लाभ सभी किसानों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के अभाव में किसान शासकीय योजनाओं का लाभ नही उठा पाते। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लोगों की भलाई के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रदेश में सभी वर्गाे के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई गई है।
किसानों, आदिवासियों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने का काम किया है। छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है जहां हमने किसानों से सबसे ज्यादा दाम पर धान खरीदी कर किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम हुए हैं। डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत निःशुल्क इलाज किया जाता है। राज्य सरकार ने कर्जमाफी, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाया गया। कृषि विभाग द्वारा अनेक प्रकार की योजनाएं संचालित है जो कि किसानों के हित में बनाया गया है। उन्होंने शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की बाते कही।