न्यूयॉर्क सर्बिया के 36 वर्षीय नोवाक जोकोविच रविवार की रात निर्विवाद रूप से टेनिस के बेताज बादशाह बन गए। उन्होंने फाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदेव को 6-3, 7-6 (5), 6-3 से हराकर यूएस ओपन का चौथा और कुल 24वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।
1968 से शुरू हुए ओपन दौर के बाद 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले वह दुनिया के इकलौते टेनिस खिलाड़ी हैं। यही नहीं ओपन दौर में वह ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए। 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले वह पहले पुरुष खिलाड़ी भी बने। उन्होंने ग्रैंड स्लैम जीतने के मामले में सेरेना विलियम्स (23) को पीछे छोड़ दिया और ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट स्मिथ (24) की बराबरी कर ली। मार्गरेट ने भी 24 ग्रैंड स्लैम जीते हैं, लेकिन उन्होंने 13 ग्रैंड स्लैम ओपन दौर से पहले जीते थे।