Home » राजीव युवा मितान सम्मेलन…राहुल गांधी बोले- हिन्दुस्तान के हजारों करोड़ आड़ानी को दिए, तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं पीएम

राजीव युवा मितान सम्मेलन…राहुल गांधी बोले- हिन्दुस्तान के हजारों करोड़ आड़ानी को दिए, तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं पीएम

by Bhupendra Sahu

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को राजीव युवा मितान सम्मेलन में पहुंचे राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को घेरने का प्रयास किया। युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी देश के तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं। देश का हजारों करोड़ एक आदमी को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि पीएम ने एयरपोर्ट आडाणी के नाम कर दिए अब रेलवे स्टेशन भी देने को तैयार है। राहुल गांधी ने कहा हमारी सरकार बनेगी तो वह आड़ाणी के लिए काम नहीं करेगी।

राहुल गांधी बोले हमारा काम लोगों को जोड़ने का काम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का है। हमने छत्तीसगढ़ में जो वायदे किये थे वो पूरे किये। किसानों को सही दाम दिये। कर्ज माफ किये। बिजली बिल हाफ कर दिया। छत्तीसगढ़ में किसानों को धान के लिए सही दाम दिया। आज आप सभी प्रदेशों को देख लीजिए, लिस्ट निकालिये, धान के लिए सबसे ज्यादा पैसा कहां मिलता है। जवाब मिलेगा छत्तीसगढ़। हमने साफ दिखा दिया कि पैसा है और किसानों के लिए हमने वायदा पूरा कर दिया। जहां भी हम जाते हैं वायदा निभाते हैं। युवाओं की बड़ी जिम्मेदारी है। प्रदेश को चलाने में आप आगे आइये। आप आगे बढ़िये।

इसलिए ही हमने राजीव युवा मितान क्लब आपके लिए बनाये हैं। हर क्लब को एक लाख रूपए मिल रहे हैं। तीन लाख युवाओं को हमने क्लब में जोड़ा है। हमने इन्हें इसलिए जोड़ा है ताकि आप इस प्रदेश को चलाने में भाग लें। हम आपके लिए राजनीति के दरवाजे खोलना चाहते हैं। कुछ सालों में आपके बीच से ही एमएलए, प्रधान चुन कर आयें। आदिवासी भाइयों के लिए हमने पेसा कानून लाया। आपके जमीन की रक्षा की। आदिवासी का मतलब इस देश की धरती के सबसे पहले आप मालिक थे। मतलब आपकी जमीन पर जंगल पर जल पर आपका हक बनता है।

राहुल गांधी ने कहा कि हम सबसे पहले हिंदुस्तानी हैं। हम सबको एक दूसरे के साथ जुड़कर मोहब्बत के साथ इज्जत के साथ रहना है। यह सबसे पुराना मैसेज है जिसे हमने भारत जोड़ो यात्रा में दिया। कुछ साल पहले मैंने बघेल जी से एक बात कही, मैं जहाँ भी जाता हूँ तो युवाओं से पूछता हूँ कि आपकी सबसे बड़ी मुश्किल क्या है। छत्तीसगढ़ में अलग अलग स्किल हैं। हर जिले में आप कुछ अलग सा बनाते हो। छोटे उद्यमियों को बैंक लिंकेज नहीं मिल पाता।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री बघेल जी से कहा कि आपका फोकस इन पर होना चाहिए। इसकी मार्केटिंग हो, मुझे खुशी है कि बघेल जी ने इस पर काम शुरू कर दिया है। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। छत्तीसगढ़ देश का केंद्र है। आपको देश का लाजिस्टिकल सेंटर बनना चाहिए। आप इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कीजिए ताकि छत्तीसगढ़ हिंदुस्तान का लाजिस्टिक सेंटर बन पाये। आप दुनिया को छत्तीसगढ़ से जोड़िये। इससे छत्तीसगढ़ के प्रोडक्ट केवल भारत ही नहीं, दुनिया में भी जाएं। मुझे लगता है कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। नफरत से और हिंसा से देश आगे नहीं जा सकता। हिंसा से देश की अर्थव्यवस्था नहीं बढ़ती। जब सबको एक साथ लाया जाता है तो देश जुड़ता है।

सीएम बघेल बोले कमल पर बटन दबाएंगे, वीवी पैट से अड़ाणी निकलेंगे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी आड़ाणी पर बात की। उन्होंने कहा कहा केन्द्र सरकार यहां की खदाने आड़ाणी को दे रही है। केन्द्र और आड़ाणी के बीच छत्तीसगढ़ सरकार खड़ी है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार यहां की संपत्ति को लुटने नहीं देगी। सीएम बघेल ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं और विकास के लिए कांग्रेस को वोट करें। भाजपा को वोट देने कमल पर बटन दबाएंगे तो वीवी पैट से आडाणी निकलेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा पांच साल पहले जब राहुल गांधी जी आये थे तो उन्होंने कहा था कि ऐसी योजनाएं बनाएं जिससे आम आदमी को लाभ हो, आदिवासियों को लाभ हो, किसानों को लाभ हो। हमने ऐसी योजनाएं बनाई जिससे लोगों को लाभ हुआ। किसानों को लाभ मिला। छत्तीसगढ़ में हम प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस नहीं लेते। पूरे छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा हमारे साथ है। युवा राष्ट्र की संपत्ति है और इस ऊर्जा का सही उपयोग हमें करना है। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता भी दे रहे हैं। हम लोगों को अधिकार संपन्न बनाते हैं। नेहरू जी से लेकर मनमोहन सिंह जी तक जब तक हमें अवसर मिला, लोगों को ताकत देने का काम किया है।

नई नियुक्तियों में स्टाइपेंड समाप्त करने की घोषणा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव युवा मितान सम्मेलन में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में नई नियुक्तियों के लिए 70, 80, 90 प्रतिशत स्टाइपेंड समाप्त किया जाता है। पहली बार युवाओं का ऐसा मेला छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। राजीव युवा मितान क्लब को हर साल एक लाख रुपए दिया जा रहा है ताकि हमारे युवा साथी अपने गांव की संस्कृति, खेलकूद और शासन की जानकारी भी वंचित वर्गों तक पहुंच पाए। ये दिन रात मेहनत करते हैं इन सब तक ये शासन की योजनाओं की जानकारी देते हैं। हमारा देश युवाओं का देश है। जब युवा शक्ति एकजुट होती है तो नई ऊर्जा आती है। आप सभी को ऊर्जा देने एवं दिशानिर्देश देने राहुल गांधी आये हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More