जल जीवन मिशन: राष्ट्रीय टीम ने संचालित कार्यों का किया अवलोकन
रायपुर
राज्य के ग्रामीण अंचलों में जल जीवन मिशन के द्वारा हर घर नल से जल की आपूर्ति की जा रही है। जल जीवन मिशन के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी कड़ी में जल जीवन मिशन की राष्ट्रीय टीम ने राजनांदगांव जिले के 16 गांव में संचालित कार्यों का अवलोकन किया। जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के श्री कुलदीप कुमार एवं श्री अनिल कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन टीम द्वारा जिले के ग्राम बघेरा, देवादा, मुड़पार, मासूल, मानपुर, गिरगांव, दीवानझीटिया, गोडऱी, ओडारबंध, मलाईडबरी, भंवरमरा, केशला, टप्पा, गाटाटोला, भैंसातरा और जोगीदल्ली में जल जीवन मिशन के संचालित कार्यों का अवलोकन कर जानकारी ली।
राष्ट्रीय जल जीवन मिशन टीम ने ग्राम पंचायत स्तर पर जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए बनायी गयी ग्राम जल स्वच्छता समिति के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की। हर घर शुद्ध जल पहुंचाने के लिए जल की जांच हेतु बनी महिलाओं की टीम जल बहिनियों ने टीम को जल की गुणवत्ता का परीक्षण कर दिखाया। राष्ट्रीय टीम ने जल की उपयोगिता के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए और गांवों के कुल घरों में जेजेएम के तहत लगाए गए नल कनेक्शन की संख्या, ग्रे-वाटर प्रबंधन के निस्तारण, संचालन एवं रख-रखाव हेतु क्षमता विकास प्रशिक्षण अंतर्गत दिए गए मानव संसाधन की जानकारी तथा शासन द्वारा प्राप्त राशि के आय-व्यय की विस्तृत जानकारी ली।