सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहसपुर लोहारा में हुआ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
केबिनेट मंत्री श्री अकबर ने 34 लाख 64 हजार रूपए की लागत से 10 बिस्तर आइसोलेशन वार्ड का किया लोकार्पण
कवर्धा, 29 अगस्त 2023
प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर ने सहसपुर लोहारा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 34 लाख 64 हजार रूपए की लागत से 10 बिस्तर आइसोलेशन वार्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने इसके लिए नागरिकों और चिकित्सकों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
केबिनेट मंत्री श्री अकबर ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 10 बिस्तर आइसोलेशन वार्ड बनने से स्वास्थ सुविधाओं का बेहतर लाभ नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल रोजगार के क्षेत्र में प्राथमिकता से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ घर तक पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। शहरी क्षेत्रों की बस्तियों में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की शुरुआत की गई। इसके माध्यम से मोबाइल मेडिकल यूनिट चिन्हांकित स्थलों पर जाकर लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं दवा वितरण करती है। इसके शुरु होने से लोगों को घर पहुंच स्वास्थ्य सुविधा मिलने से अब समय और पैसे की बचत होने लगी है। उन्होंने बताया कि राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने, गंभीर तथा दुर्लभ बीमारियों के इलाज में होने वाले व्यय से बचाने के लिए राज्य शासन द्वारा संजीवनी सहायता कोष का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए राज्य के पात्र परिवारों को अधिकतम 25 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। छत्तीसगढ़ ऐसा पहला राज्य है जो इतनी बड़ी राशि अपने राज्य के नागरिकों के इलाज के लिए प्रदान कर रहा है जिससे स्वस्थ एवं बेहतर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सके।