Home » हंसल मेहता की फिल्म से होश उड़ाएंगी करीना कपूर

हंसल मेहता की फिल्म से होश उड़ाएंगी करीना कपूर

by Bhupendra Sahu

निर्देशक हंसल मेहता पिछले कई दिनों से करीना कपूर खान के साथ एक फिल्म करने को लेकर चर्चा में हैं। इसके जरिए उन्हें पहली बार करीना संग काम करने का मौका मिला है और वह उनके मुरीद हो गए हैं। मेहता ने जब से करीना के साथ अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू की है, वह कई बार उनकी तारीफों के पुल बांध चुके हैं। हाल ही में उन्होंने करीना और फिल्म में उनकी भूमिका को लेकर बातचीत की।

मेहता ने कहा, करीना के साथ काम करना खुशी की बात है। उनमें बिल्कुल भी अहम नहीं है। मेरा उनके साथ बिल्कुल वैसा ही तालमेल है, जैसा राजकुमार राव, मोहम्मद जीशान अय्यूब और करिश्मा तन्ना के साथ है। उन्होंने कहा, करीना के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा। हमने शूटिंग का पूरा लुत्फ उठाया। करीना सचमुच एक बेहद शानदार अदाकारा हैं। उनकी जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है।

मेहता कहा, करीना का किरदार फिल्म में ऐसा है, जो उन्होंने इससे पहले आज तक नहीं किया। इस थ्रिलर फिल्म में करीना पुलिस की वर्दी पहने नजर आएंगी। वह फिल्म में एक दमदार पुलिसकर्मी की भूमिका में दिखेंगी। उन्होंने कहा, कुल मिलाकर मैं यह कहूंगा कि इस फिल्म के जरिए एक नई करीना आप सबके बीच आने वाली हैं। उनका किरदार उनकी पिछली फिल्मों से बिल्कुल जुदा है। उनकी फिल्मोग्राफी में एक बिल्कुल नई फिल्म जुडऩे जा रही है।
मेहता की इस फिल्म की कहानी लंदन में सेट की गई है, जो पुलिस के इर्द-गिर्द घूमती है। करीना का किरदार इस फिल्म के केंद्र में होगा। मेहता के मुताबिक, अभी तक करीना को दर्शकों ने ज्यादातर मसालेदार या रोमांटिक फिल्मों में देखा होगा, लेकिन इतने संजीदा किरदार में उन्हें देखना दर्शकों के लिए बेशक किसी तोहफे से कम नहीं होगा। बता दें कि करीना फिल्म अंग्रेजी मीडियम में भी पुलिस बनी थीं, लेकिन इसमें उनका किरदार प्रभावी नहीं था।
मेहता बॉलीवुड के उन फिल्मकारों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने कंटेंट से अलग पहचान बनाई है। वह मुद्दापरक और संजीदा विषयों के लिए जाने जाते हैं। उनकी शाहिद, अलीगढ़ और सिटीलाइट्स जैसी फिल्मों को व्यापक स्तर पर सराहा गया। हाल-फिलहाल में वह वेब सीरीज स्कूप लेकर आए, जिस पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया। नेटफ्लिक्स के साथ मेहता की यह पहली सीरीज थी, लेकिन ये रिश्ता आगे भी नजर आएगा। मेहता नेटफ्लिक्स के साथ मिलकर कई शो बनाने वाले हैं।

करीना, एकता कपूर की फिल्म द क्रू में दिखेंगी। सिंघम अगेन उनके खाते से जुड़ी है। करीना निर्देशक सुजॉय घोष के साथ अपनी पहली वेब सीरीज डिवोशन में काम कर रही हैं। वह कियारा आडवाणी के साथ भी एक फिल्म में नजर आने वाली हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More