रायपुर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री तथा मुंगेली जिले के प्रभारी मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने आज मुंगेली में छत्तीसगढ़़ के पहले त्यौहार हरेली पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का शुभारंभ किया। उन्होंने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर में पारंपरिक कृषि यंत्रों एवं औजारों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गौमाता को हरा-चारा व फल खिलाकर जिलेवासियों को हरेली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर ग्राम पंचायत लिलवाकापा के 18 से 40 आयुवर्ग की महिला टीमों के बीच कबड्डी खेल के लिए टास कराकर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का शुभारंभ किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों के साथ बांटी, गिल्ली-डंडा, गेंड़ी, रस्साकसी सहित कई खेलों में हाथ भी आजमाया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री
मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्व और खेलों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सभी वर्ग के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजनता को सीधा लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार है और आज से ही छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल की शुरुआत हो रही है। इसके लिए भी आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।