Home » उतार चढ़ाव के बीच सपाट स्तर पर शेयर बाजार

उतार चढ़ाव के बीच सपाट स्तर पर शेयर बाजार

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली। लगातार जारी उतार-चढ़ाव के बीच घरेलू शेयर बाजार आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। लेकिन शुरू से ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो जाने की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की चाल में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.10 प्रतिशत और निफ्टी 0.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी, कोटक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाइटन कंपनी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.28 प्रतिशत से लेकर 0.74 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, इंफोसिस और अडाणी इंटरप्राइजेज के शेयर 1.81 प्रतिशत से लेकर 0.99 प्रतिशत तक की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 1,921 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,371 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 550 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 15 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 15 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 शेयर हरे निशान में और 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 141.44 अंक की बढ़त के साथ 65,759.28 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवालों और बिकवालों के बीच रस्साकशी शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी लगातार उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में ये सूचकांक रेड जोन में गिरकर 65,589.94 अंक तक पहुंचा। वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर इसने 65,811.64 अंक तक की छलांग भी लगाई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 74.96 अंक की मजबूती के साथ 65,622.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने भी आज 58.04 अंक की तेजी के साथ 19,497.45 अंक के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव में ये सूचकांक लुढ़क कर 19,434.40 अंक तक पहुंच गया। लेकिन थोड़ी ही देर बाद खरीदारी का सपोर्ट मिल जाने की वजह से इसने 19,507.70 अंक तक की छलांग लगाई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 18.65 अंक की तेजी के साथ 19,458.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच आज प्री ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 56.08 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,673.92 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 37.40 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,476.80 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 273.67 अंक यानी 0.42 प्रतिशत मजबूत होकर 65,617.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 83.50 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,439.40 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More