Home » मानसून में इन 5 स्वास्थ्यवर्धक मॉकटेल ड्रिंक्स का करें सेवन, आसान है रेसिपी

मानसून में इन 5 स्वास्थ्यवर्धक मॉकटेल ड्रिंक्स का करें सेवन, आसान है रेसिपी

by Bhupendra Sahu

मौसम का मिजाज बदल चुका है और मानसून ने दस्तक दे दी है। इस मौसम में शरीर में पानी की कमी होना आम है, लेकिन इसके कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में क्यूं न कुछ ऐसे खास मॉकटेल्स बनाए जाएं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ आपको हाइड्रेट रखने में भी मदद कर सकें। आइए आज हम आपको कुछ ऐसी मॉकटेल ड्रिंक्स की रेसिपी बताते हैं, जिनका सेवन मानसून में फायदेमंद हो सकता है।

मैंगो डिलाइट
सबसे पहले एक कप आम का गूदा, एक कप नारियल पानी, आधा कप नारियल क्रीम, 3 तुलसी के पत्ते, एक बड़ी चम्मच चीनी और थोड़ी-सी बर्फ को मिक्सी में डालकर अच्छे से पीस लें। अब इस मिश्रण को गिलास में भरे और इस पर आम के कुछ टुकड़े डालें। इसके बाद इस स्वादिष्ट मॉकटेल ड्रिंक को परोसें और खुद भी इसका जायका लें। मॉकटेल ड्रिंक के अलावा आप आम के इन 5 व्यंजनों को भी ट्राई कर सकते हैं।
कीवी, शहद, सोडा और नींबू के रस की मॉकटेल ड्रिंक
सबसे पहले एक जार में 2 चम्मच नींबू का रस, स्वादानुसार शहद और थोड़ा सोडा पानी मिलाकर नींबू पानी बना लें। अब इस नींबू पानी में 8-10 बारीक कटे कीवी के टुकड़े, 3-4 नींबू के गोल स्लाइस और 4-5 पुदीने की थोड़ी पत्तियां अच्छे से मिलाएं। इसे कम से कम एक से 2 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब तैयार मॉकटेल में बर्फ के टुकड़े डालें और फिर इसका सेवन करें।
ब्लूबेरी लाइम मॉकटेल
सबसे पहले पानी में डेढ़ कप ताजा ब्लूबेरी, एक बड़ी चम्मच कदूकस किया हुआ अदरक और 4 बड़ी चम्मच चीनी डालकर एक उबाल दिलाए और एक चम्मच से ब्लूबेरी को मैश करें। इसके बाद मिश्रण को ठंडा होने दें, फिर इसे एक कंटेनर में छानकर इसमें नींबू का रस, बर्फ के टुकड़े और कुछ पुदीने की पत्तियां डालें। अब इसे गिलास में डालकर परोसें। घर पर ब्लूबेरी के इन 5 व्यंजनों को बनाना भी आसान है।
सेब मॉकटेल
इसके लिए सबसे पहले एक जार में 1-2 सेब के गोल टुकड़े, 3-4 नींबू के स्लाइस, थोड़ा दालचीनी पुडर और स्टार एनीज डालें। अब इसमें थोड़ा सेब का जूस, नींबू का रस और शहद डालकर अच्छी तरह मिलाएं और एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इसके बाद ड्रिंक को गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़े डालें। इसके बाद इसमें थोड़ा क्लब सोडा समेत सेब के टुकड़ों डालकर इसे परोसें।
संतरे के जूस और पुदीने की मॉकटेल ड्रिंक
इस मॉकटेल ड्रिंक को बनाने के लिए सबसे पहले एक जार में 2 कप संतरे का जूस, एक चौथाई कप नींबू का रस, एक चौथाई कप पानी और 2-3 बड़ी चम्मच चीनी मिलाएं। जब चीनी अच्छी तरह घुल जाए तो इसमें थोड़ा सोडा, पुदीने की कुछ पत्तियां और कुछ बर्फ के टुकड़े डालें। अब इस मॉकटेल को गिलास में डालकर परोसें और खुद भी पीएं। यकीनन यह आपके घर में सभी को पसंद आएगी।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More